दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सात सितंबर को एक यात्रा शुरू की थी। किसी को पता है कि उस यात्रा का क्या हुआ? यात्रा कहां तक पहुंची? कौन यात्रा कर रहा है? या अगर यात्रा रूकी हुई है तो किस वजह से रूकी है और फिर कब शुरू होगी? किसी को इसका अंदाजा नहीं है कि केजरीवाल की ‘मेक इंडिया नंबर वन’ यात्रा का क्या हुआ! दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सात सितंबर को अपने गृह प्रदेश हरियाणा के हिसार से शुरू किया था। हालांकि उस दिन भी उन्होंने कोई यात्रा नहीं निकाली। वे हिसार पहुंचे और वहां एक रैली में भाषण दिया और वापस दिल्ली लौट गए।
यात्रा शुरू करने से एक दिन पहले यानी छह सितंबर को उन्होंने कहा था- अगर 130 करोड़ लोग मिल जाएं तो भारत को नंबर वन देश बनने से कोई नहीं रोक सकता। यही हासिल करने के लिए मैंने ऐलान किया था कि मैं पूरे देश की यात्रा करूंगा। पूरे देश के लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने की कोशिश करूंगा। कल मैं इस आंदोलन की शुरुआत कर रहा हूं। उन्होंने कहा- सबसे पहले मैं अपने जन्मस्थान हरियाणा में जा रहा हूं, हिसार जा रहा हूं। मैं वहीं पैदा हुआ था। हिसार के पास एक गांव है सिवानी, मैं वहीं पैदा हुआ। वहां से मैं अपनी शुभ यात्रा की शुरुआत कर रहा हूं।
सात सितंबर को वे हिसार गए और एक रैली की। वह रैली भी हिसार की आदमपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनावों की तैयारियों की रैली थी। उस रैली के अब एक महीने होने जा रहे हैं और किसी को पता नहीं है कि यात्रा का क्या हुआ? पिछले एक महीने में केजरीवाल सिर्फ गुजरात गए हैं, जहां उन्होंने खूब चुनावी सभाएं और राजनीतिक स्टंट किए हैं। लेकिन ‘मेक इंडिया नंबर वन’ की यात्रा आगे नहीं बढ़ी है। असल में ऐसी कोई यात्रा उनको निकालनी नहीं थी लेकिन चूंकि सात सितंबर से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो रही थी इसलिए उन्होंने अपनी एक यात्रा का ऐलान कर दिया।
केजरीवाल ने ठीक उसी दिन से अपनी यात्रा का ऐलान किया, जिस दिन से कांग्रेस की महत्वाकांक्षी यात्रा शुरू हो रही थी। उनका मकसद किसी तरह से मीडिया अटेंशन उधर से हटाना था। राजधानी दिल्ली की मीडिया का एक बड़ा हिस्सा कांग्रेस की बजाय आम आदमी पार्टी को तरजीह देता है क्योंकि आप की दिल्ली और पंजाब सरकार मिल कर कई राज्य सरकारों के बराबर विज्ञापन देते हैं। इसी दम पर केजरीवाल ने सात सितंबर को यात्रा शुरू करने का ऐलान किया और जिस समय कन्याकुमारी में राहुल गांधी यात्रा से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे थे उसी समय केजरीवाल हिसार में रैली कर रहे थे, जिसे कई चैनलों ने काफी प्रमुखता से दिखाया। लेकिन अब कोई चैनल उनसे पूछ नहीं रहा है कि उस यात्रा का क्या हुआ।
Tags :Arvind Kejriwal