रियल पालिटिक्स

केसी त्यागी को क्या मिलेगी राज्यसभा?

ByNI Political,
Share
केसी त्यागी को क्या मिलेगी राज्यसभा?
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के दोवार्षिक चुनाव हैं और एक सीट पर उपचुनाव होना है। जिन सीटों पर दोवार्षिक चुनाव हैं उनमें से दो सीटें जदयू की है। एक सीट पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की है और दूसरी शरद यादव की है, जो अब पार्टी में नहीं हैं। पार्टी आरसीपी सिंह को तीसरी बार राज्यसभा भेजेगी। शरद यादव वाली सीट पर जदयू दावेदारी नहीं कर पाएगी क्योंकि उसके सिर्फ 45 विधायक हैं और भाजपा के विधायकों की संख्या 74 है। दूसरे भाजपा के दो सांसद रिटायर हो रहे हैं। सतीश चंद्र दूबे और गोपाल नारायण सिंह दोनों भाजपा के सांसद हैं और इस साल रिटायर हो रहे हैं। इसलिए भाजपा दो सीटों पर दावेदारी करेगी और दो सीट लेगी। जनता दल यू के राज्यसभा सांसद महेंद्र प्रसाद उर्फ किंग महेंद्र का हाल में निधन हुआ है। उनकी खाली हुई सीट पर उपचुनाव होगा और यह सीट जदयू के खाते में जाएगी। जदयू इस सीट से केसी त्यागी को राज्यसभा भेज सकती है। पहले जदयू के नेता नीतीश कुमार ने उनसे कहा था कि अगर शरद यादव वाली सीट खाली हो जाती है और उपचुनाव होता है तो वह सीट उनको मिलेगी। शरद यादव की सीट खाली भी हो गई थी लेकिन उसका चुनाव कानूनी पचड़े में उलझ गया। अब किंग महेंद्र के निधन से सीट खाली हुई है, जिसमें दो साल का कार्यकाल बचा हुआ है। किंग महेंद्र भूमिहार जाति के थे और बिहार में त्यागी ब्राह्मणों को भूमिहार-ब्राह्मण ही माना जाता है। केसी त्यागी एक बार बिहार से राज्यसभा सांसद रहे भी हैं। इसलिए उनको राज्यसभा भेज कर जदयू अपने कोर वोट को एक मैसेज दे सकता है। हालांकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की भूमिका देखने वाली होगी।
Published

और पढ़ें