रियल पालिटिक्स

शरद यादव किस पद के उम्मीदवार होंगे?

ByNI Desk,
Share
शरद यादव किस पद के उम्मीदवार होंगे?
वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव के अपनी पार्टी का विलय राष्ट्रीय जनता दल में करने के बाद से उनके आगे के राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के उनसे मिलने के बाद अटकलें तेज हो गई हैं। राहुल उनसे मिलने उनके आवास पर गए थे और उनको अपना गुरू बताया। उसके बाद मीडिया ने पूछा कि क्या शरद यादव राष्ट्रपति या उप राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार होंगे तो उन्होंने इसका जवाब टाल दिया। लेकिन सवाल है कि क्या शरद यादव राष्ट्रपति या उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनना चाहेंगे? शरद यादव मंजे हुए नेता हैं और उनको पता है कि विपक्ष का उम्मीदवार राष्ट्रपति या उप राष्ट्रपति का चुनाव नहीं जीत सकता है। पिछली बार विपक्ष ने मीरा कुमार और गोपाल कृष्ण गांधी को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन आज ये दोनों कहां हैं यह किसी विपक्षी नेता को भी पता नहीं होगा। इसलिए शरद यादव की दिलचस्पी इसमें नहीं होगी। उनके लिए और विपक्षी पार्टियों के लिए भी बेहतर यह होगा कि विपक्ष उनको राज्यसभा में भेजे। उनके राज्यसभा में और सक्रिय राजनीति में रहने से विपक्षी पार्टियों को भाजपा विरोधी गठबंधन बनाने में आसानी होगी। शरद यादव उन थोड़े से सक्रिय नेताओं में हैं, जिनके प्रति सभी पार्टियों में सद्भाव है। उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक की पार्टियों के साथ वे सहजता से बात कर सकते हैं। केंद्र में सत्तारूढ़ दल के खिलाफ साझा मोर्चा बनाने का भी उनको पुराना अनुभव है। विपक्ष को उस अनुभव का लाभ लेना चाहिए। बिहार में राज्यसभा चुनाव में राजद को दो सीटें मिलनी हैं। एक सीट पर कांग्रेस का दावा है। राजद और कांग्रेस को मिल कर उस एक सीट पर शरद यादव को राज्यसभा में भेजना चाहिए।
Tags :
Published

और पढ़ें