रियल पालिटिक्स

प्रधानमंत्री मोदी को कौन सी वैक्सीन?

ByNI Political,
Share
प्रधानमंत्री मोदी को कौन सी वैक्सीन?
अमेरिका में निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी ने सार्वजनिक रूप से वैक्सीन लगवाई। टेलीविजन पर उसका प्रसारण हुआ। हालांकि इसके बावजूद अमेरिका में लोग वैक्सीन लगवाने में ज्यादा रूचि नहीं ले रहे हैं और कई राज्यों में वैक्सीन के स्टॉक बिना इस्तेमाल के पड़े हुए हैं। बहरहाल, अमेरिका ने अपनी दो कंपनियों- फाइजर और मॉडर्ना की वैक्सीन को मंजूरी दी है। इसलिए वहां के नेताओं ने इनकी वैक्सीन लगवाई। दुनिया के और भी कई देशों में जिस वैक्सीन को मंजूरी मिली है उसके नेता वह वैक्सीन लगवा रहे हैं। रूस में बनी वैक्सीन का पहला डोज राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बेटी को दिया गया। तभी सवाल है कि भारत में राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार के मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री कौन सी वैक्सीन लगवाएंगे और क्या सार्वजनिक रूप से वे वैक्सीन लगवाएंगे ताकि लोगों का इनके प्रति भरोसा बने? ध्यान रहे भारत में मंजूर की गई दोनों वैक्सीन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्षी पार्टियों ने सवाल उठाए हैं तो साथ ही वायरस और वैक्सीन के कई जानकारों ने भी सवाल उठाए हैं और खुद वैक्सीन वालों ने भी कुछ भेद बताए हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वैक्सीन लगवाने से मना कर दिया है और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी किसी बहाने से टीका लगवाना टाल दिया है। उन्होंने कहा है कि पहले जरूरतमंदों को टीका लगाया जाए। ध्यान रहे वे कोरोना संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं। तभी कायदे से देश के नेताओं को सार्वजनिक रूप से टीका लगवाना चाहिए। कायदे से तो देश और प्रदेश के शीर्ष नेताओं को भारत की अपनी भारत बायोटेक में बनी स्वदेशी वैक्सीन लगवानी चाहिए लेकिन अगर उन्हें अपनी वैक्सीन पर बहुत भरोसा नहीं है तो उन्हें ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन लगवानी चाहिए। सरकार ने इन दोनों वैक्सीन को मंजूरी दी है। अगर सरकार के शीर्ष पर बैठे नेता भारत की स्वदेशी वैक्सीन लगवाते हैं तो देश और दुनिया में भी इसका बड़ा मैसेज जाएगा।
Published

और पढ़ें