रियल पालिटिक्स

कांग्रेस का मीडिया प्रभारी कौन होगा?

ByNI Political,
Share
कांग्रेस का मीडिया प्रभारी कौन होगा?
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला आखिरकार महासचिव बन गए। वे इस बात से बड़े आहत थे कि उनको महासचिव नहीं हैं, बल्कि मीडिया के प्रभारी के नाते उनको महासचिव का दर्जा मिला हुआ है और मीडिया प्रभारी के नाते ही वे कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य हैं। राहुल गांधी ने उनकी शिकायत दूर कर दी है। वे महासचिव बन गए हैं और पार्टी ने उनको कर्नाटक जैसे महत्वपूर्ण राज्य का प्रभारी बना दिया है। इसके साथ ही उनको कांग्रेस की छह सदस्यों की संचालन समिति का भी सदस्य बनाया गया है। यह समिति कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव कराएगी। सो, वे अगले कुछ दिन इस काम में बिजी रहने वाले हैं। तभी सवाल है कि उनकी जगह कांग्रेस के मीडिया विभाग का प्रभारी किसको बनाया जाएगा? क्या कांग्रेस सोशल मीडिया का प्रभार संभाल चुके राज्यसभा सांसद दीपेंदर हुड्डा को मीडिया प्रभारी बनाया जा सकता है? एक चर्चा यह भी है कि राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट का दिल्ली में पुनर्वास हो सकता है। उन्हें बतौर मीडिया प्रभारी दिल्ली लाया जा सकता है। हालांकि यह दूर की कौड़ी है। सबसे ज्यादा संभावना इस बात की है कि कांग्रेस के सबसे मुखर और बेहतरीन प्रवक्ता पवन खेड़ा को मीडिया का प्रभारी बनाया जाए। मीडिया में उनके प्रति बहुत सद्भाव है और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित लंबे समय तक काम करने का उनका अनुभव है। मारग्रेट अल्वा के बेटे निखिल अल्वा को भी इस टीम में अहम जगह मिल सकती है। वे अब भी राहुल गांधी का सोशल मीडिया संभालते हैं।
Published

और पढ़ें