गुजरात के विधानसभा चुनाव के नतीजे चाहे जो हों लेकिन आम आदमी पार्टी को बड़ा फायदा हो सकता है। गुजरात चुनाव के बाद उसको राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल सकता है। हालांकि पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने एक टेलीविजन चैनल के कार्यक्रम में लिख कर दिया है कि गुजरात में उनकी पार्टी को 92 सीटें मिल रही हैं और दूसरे नंबर पर भाजपा रहेगी। उन्होंने इससे पहले एक न्यूज चैनल के स्टूडियो में एक कार्यक्रम के दौरान लिख कर दिया था कि गुजरात में कांग्रेस पार्टी पांच से ज्यादा सीट नहीं जीत पाएगी। उनको पता है कि गलत हो जाएंगे तो कोई हिसाब नहीं मांगेगा और फिर आगे भी वे ऐसे दावे करते रहेंगे।
लेकिन अगर उनकी पार्टी जीतती नहीं है या दूसरे नंबर की पार्टी भी नहीं बनती है तब भी उनको इतने वोट मिल जाएंगे कि आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल जाए। दो राज्यों- दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। इसके अलावा पिछले चुनाव में गोवा में पार्टी को छह फीसदी ज्यादा वोट मिले और उसके दो विधायक जीते। गुजरात में वैसे तो आम आदमी पार्टी को 22 फीसदी तक वोट मिलने के अनुमान जताए जा रहे हैं लेकिन राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा मिलने लायक वोट भी उसे मिल जाएगा तो चुनाव के तुरंत बाद वह राष्ट्रीय पार्टी बन जाएगी। खुदा न खास्ते अगर वह जीत गई तो मुख्यमंत्रियों की संख्या के लिहाज से वह देश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन जाएगी। अभी कांग्रेस और आप दोनों के दो दो मुख्यमंत्री हैं। जो हो गुजरात का चुनाव आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय राजनीति को पंख लगाने वाला साबित होगा।