रियल पालिटिक्स

राहुल गांधी क्या गिरफ्तार होंगे?

ByNI Political,
Share
राहुल गांधी क्या गिरफ्तार होंगे?
बुधवार को दिन भर इसकी अटकलें लगती रहीं कि रात तक राहुल गांधी गिरफ्तार हो सकते हैं। दिन भर दिल्ली पुलिस ने जैसा तांडव किया और जिस तरह से कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में घेर दिया या पार्टी मुख्यालय तक जाने से रोका, उसे देख कर लग रहा था कि कुछ बड़ा होने वाला है। कांग्रेस नेता भी इसकी तैयारी में लग गए। लेकिन देर रात ईडी ने पूछताछ से छुट्टी दे दी और वे घर लौट आए। अब ईडी ने उनको शुक्रवार को बुलाया है। अब तक राहुल गांधी से 30 घंटे से ज्यादा पूछताछ हो चुकी है। इसके बावजूद ईडी के सूत्रों के हवाले से यह खबर जारी हो रही है कि अभी आधे सवाल ही पूछे गए हैं। तो क्या तीन दिन और पूछताछ चलेगी? ईडी के सूत्रों के हवाले से यह खबर भी लीक हुई है कि पूछताछ से ज्यादा समय बयान को कलमबद्ध करने और उसमें सुधार करने में हो रहा है। बयान करेक्ट करने में लग रहे समय को लेकर भाजपा नेता राहुल का मजाक भी उड़ा रहे हैं बहरहाल, शुक्रवार की पेशी को लेकर कांग्रेस नेता ज्यादा आशंकित हो गए हैं। उनको ज्यादा आशंका इस बात से हुई है कि बुधवार की पूछताछ के बाद ईडी के सूत्रों के हवाले से खबर लीक हुई है कि राहुल गांधी सहयोग नहीं कर रहे हैं और ईडी अधिकारी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हैं। किसी भी जांच एजेंसी के अधिकारी जब पूछताछ से संतुष्ट नहीं होते हैं तो आरोपी को गिरफ्तार करते हैं और अदालत से हिरासत में लेकर पूछताछ की मांग करते हैं। तभी कांग्रेस नेताओं को लग रहा है कि शुक्रवार को उनको हिरासत में लिया जा सकता है। कांग्रेस नेता इस स्थिति से निपटने की तैयारी भी कर रहे हैं। कानूनी लड़ाई के साथ साथ देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरने के लिए तैयार किया जा रहा है। अगर राहुल गिरफ्तार हुए तो कांग्रेस सहानुभूति की लहर पैदा करने का प्रयास करेगी। अगर नहीं गिरफ्तार होते हैं तो कांग्रेस इसे सचाई की जीत बताएगी। अगर राहुल गिरफ्तार होते हैं तो बड़ा सवाल यह है कि फिर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कैसे गिरफ्तारी से बचेंगी? उनके खिलाफ भी बिल्कुल वहीं मामला है, जो राहुल के खिलाफ है। सो, कांग्रेस की कानूनी टीम तैयारियों में जुट गई है।
Tags :
Published

और पढ़ें