Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमेलिया केर ने लगातार चौथी बार डेबी हॉकले मेडल जीता, जैकब डफी के नाम सर रिचर्ड हैडली मेडल

ANI Photo

न्यूजीलैंड की महिला कप्तान अमेलिया केर ने लगातार चौथी बार डेबी हॉकले मेडल जीता, जबकि पुरुष टीम के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने सर रिचर्ड हैडली मेडल अपने नाम किया। 

अमेलिया ने अपनी टीम को लगातार तीसरी बार सुपर स्मैश का खिताब दिलाया। वह 70 की औसत से 354 रन बनाकर न्यूजीलैंड के टी20 रन चार्ट में टॉप पर रहीं। सर्वाधिक विकेट के मामले में वह दूसरे स्थान पर रहीं। उन्हें ‘महिला टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर’ भी चुना गया।

31 वर्षीय डफी के लिए टेस्ट क्रिकेट का यह दौर बेहद शानदार रहा, जिन्होंने 16 की औसत से 25 विकेट लिए। इस दौरान चार मुकाबलों में तीन बार पांच-विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी लंबी स्पेल ने उनकी जबरदस्त फिटनेस और सहनशक्ति को दिखाया। इसके अलावा, उन्हें ‘टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर’ और फर्स्ट-क्लास गेंदबाजी के लिए ‘विंसर कप’ से भी नवाजा गया।

Also Read : बीसीसीआई ने पुरुषों का घरेलू शेड्यूल जारी किया, गुवाहाटी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी मैच

अन्य विजेताओं में, टिम सीफर्ट को 154 के स्ट्राइक रेट से 739 रन बनाने के लिए ‘पुरुष टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर’ चुना गया। वहीं, डेरिल मिचेल ने 138 की औसत से 692 रन बनाकर वनडे का अवॉर्ड जीता और इस फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गए। ब्रुक हॉलिडे ने 71 की औसत से 391 रन बनाकर ‘महिला वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड जीता।

हेनरी निकोल्स ने घरेलू क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रखा और ‘रेडपाथ कप’ के साथ-साथ ‘पुरुष घरेलू प्लेयर ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड भी अपने नाम किया। वहीं, जेस केर ने महिलाओं के घरेलू क्रिकेट में तीन अवॉर्ड जीते। उन्होंने ‘महिला घरेलू प्लेयर ऑफ द ईयर’, ‘सुपर स्मैश महिला प्लेयर ऑफ द ईयर’ और महिलाओं की घरेलू गेंदबाजी के लिए ‘फिल ब्लैकलर कप’ अपने नाम किया।

कटेन क्लार्क को सुपर स्मैश मेंस प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया, और केट एंडरसन ने महिलाओं की बैटिंग के लिए रूथ मार्टिन कप जीता। क्रिस गैफनी को आईसीसी एलीट पैनल में एक और शानदार सीजन के बाद ‘अंपायर ऑफ द ईयर’ चुना गया। इस सीजन में उन्हें एशेज के अलावा, आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अंपायरिंग का मौका मिला था। अनुभवी प्रशासक और न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी मार्टिन स्नेडेन को क्रिकेट में उनकी शानदार सेवाओं के लिए बर्ट सटक्लिफ मेडल से सम्मानित किया गया।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version