युजवेंद्र चहल के (चार विकेट) और ऑलराउंडर गस मिलर (115) की शानदार शतक पारी की बदौलत नॉर्थैंप्टनशायर ने मेट्रो बैंक वन-डे कप मुकाबले में लैंकशायर पर 67 रन से जीत दर्ज की। चहल इस सीजन में पांच वनडे कप मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। लैंकशायर के खराब क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाते हुए मेजबान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 347/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। मिलर ने आदि शर्मा (61) के साथ 25 ओवर में 153 रन की साझेदारी की, जबकि कप्तान नैथन मक्स्वीनी ने भी 78 रन बनाए।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्कस हैरिस ने 57 रन बनाए और रॉकी फ्लिंटॉफ के साथ 85 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के टूट्ने के बाद शानदार फॉर्म में चल रहे 17 वर्षीय जो मूर्स ने लगभग अकेले दम पर मैच पलटने की कोशिश की। बढ़ते रन रेट के बावजूद उन्होंने केवल 59 गेंदों में बेहतरीन 85 रन बनाए, लेकिन एक बड़ी गलतफहमी के कारण रन आउट हो गए।
Also Read : श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में आकिब नबी शामिल
जमकर खेल रहे हैरिस, चहल की गेंद पर शानदार अंदाज में आउट हुए, जब राफेल वेदरॉल ने लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर उनका एक बेहतरीन कैच लपका। वहीं दूसरी ओर मिले जीवनदान का फ़ायदा उठाते हुए मूर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने कुछ जोखिम भरे शॉट भी खेले और आगे बढ़कर चहल को मिडविकेट के ऊपर से छक्का लगाया। इसके बाद गस मिलर के एक ओवर में 24 रन बटोरकर उन्होंने मैच का रुख़ फिर से लैंकशायर की ओर मोड़ने का प्रयास किया।
उन्होंने चहल को वेस्ट स्टैंड के ऊपर से भी छक्का लगाया, लेकिन लेग स्पिनर ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर मैच का रुख़ बदल दिया। उन्होंने पहले आरव शेट्टी को लॉन्ग ऑन पर कैच कराया और फिर जैक ब्लैदरविक को बोल्ड कर दिया। मूर्स अब भी उम्मीद बनाए हुए थे, लेकिन उनके रन आउट होते ही चहल और लियम गुथरी ने आखिरी बल्लेबाजो को समेटकर नॉर्थैंप्टनशायर की जीत पक्की कर दी।
Pic Credit : ANI
