Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चीन की हाई जंप की दिग्गज खिलाड़ी झेंग का निधन

वर्ल्ड एथलेटिक्स ने चीन की हाई जंप की दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व वर्ल्ड रिकॉर्ड-होल्डर झेंग फेंगरोंग के निधन पर शोक व्यक्त किया। उनका मंगलवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

खेल की वैश्विक गवर्निंग बॉडी ने गुरुवार को अपनी वेबसाइट पर जारी शोक संदेश में कहा, “झेंग ने नवंबर 1957 में बीजिंग में एथलेटिक्स के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया, जब 20 साल की उम्र में उन्होंने 1.77 मीटर की ऊंचाई पार करके हाई जंप का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।”

झेंग के प्रदर्शन ने 1.76 मीटर के उस वर्ल्ड रिकॉर्ड में एक सेंटीमीटर का सुधार किया, जो संयुक्त रूप से अमेरिका की 1956 की ओलंपिक चैंपियन मिल्ड्रेड मैकडैनियल और रोमानिया की इओलांडा बालास के नाम था। इस उपलब्धि के साथ वह एथलेटिक्स में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाली पहली चीनी एथलीट और किसी भी खेल में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाली चीन की पहली महिला एथलीट बनीं।

Also Read : बाढ़ से नेपाल में 826, चीन में 558 लापता, 160 से ज्यादा की मौत

हालांकि 1958 में बालास ने 1.78 मीटर की ऊंचाई पार करके झेंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया था, लेकिन झेंग ने जून 1963 में चीन के नेशनल रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए 1.78 मीटर तक पहुंचाया।

उन्हें “उस अबाबील के रूप में सराहा गया जिसने घोषणा की कि चीन के खेलों में बहार आ गई है”। झेंग कंबाइंड इवेंट्स (संयुक्त स्पर्धाओं) में भी देश की प्रमुख एथलीटों में से एक बनकर उभरीं और उन्होंने चाइनीज नेशनल गेम्स के साथ-साथ ‘गेम्स ऑफ द न्यू इमर्जिंग फोर्सेज’ में गोल्ड मेडल जीते।

खेलों से संन्यास लेने के बाद भी झेंग खेलों से गहराई से जुड़ी रहीं और चाइनीज एथलेटिक्स एसोसिएशन की उपाध्यक्ष के रूप में काम किया। ओलंपिक आंदोलन में उनके योगदान के लिए उन्हें 1995 में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी के ‘ओलंपिक ऑर्डर’ से सम्मानित किया गया। साथ ही, बीजिंग में 2008 ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान ओलंपिक ध्वज ले जाने वाले आठ पूर्व चीनी एथलीटों और कोचों में से एक के रूप में उन्हें चुना गया था।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version