न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवन कॉन्वे कनकशन के कारण भारत के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जबह अब निक केली को टीम में शामिल किया गया है। केली को शुरुआत में केवल चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था, अब वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड की टीम से जुड़ेंगे।
कॉन्वे और तेज गेंदबाज मैट हेनरी मैच की पूर्व संध्या पर क्षेत्ररक्षण अभ्यास के दौरान आपस में टकरा गए थे, जिसके कारण दोनों बुधवार को ऑकलैंड में सीरीज का पहला मैच नहीं खेल पाए थे। कॉन्वे अब सीरीज के शेष मैचों में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जबकि हेनरी कनकशन से उबर चुके हैं और शनिवार को वेलिंग्टन में होने वाले दूसरे वनडे के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे।
केली अब न्यूजीलैंड ए की टीम का हिस्सा नहीं हैं। न्यूजीलैंड ए को शनिवार से लिंकन में भारत ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच खेलना है। उनकी जगह ऑकलैंड के बल्लेबाज डेल फिलिप्स को टीम में शामिल किया गया है।
Also Read : झारखंड में भीषण सड़क हादसा सात लोगों की मौत
न्यूजीलैंड ए की टीम में कुछ और बदलाव भी हुए हैं। तेज गेंदबाज साइमन कीन (हैमस्ट्रिंग), बेन लिस्टर (पसलियों के पास की मांसपेशियों में चोट) और फ़्रेजर शीट (पसलियों के पास की मांसपेशियों में चोट) चोट के कारण बाहर हो गए हैं। कीन और शीट को सीरीज़ के दौरान पहले ही चोट लगी थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट की विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों “अगले तीन से चार सप्ताह में अपनी घरेलू टीमों के लिए खेलने के लिए वापसी करेंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया लिस्टर ऑकलैंड के साथ अभ्यास के दौरान दाईं ओर की मांसपेशियों में आए खिंचाव से उबरने के लिए रिटर्न-टू-प्ले कार्यक्रम से गुजर रहे हैं।
कीन और शीट (दोनों के छह-छह विकेट) अब तक इस सीरीज में संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। उनके अलावा जैक गिब्सन और भारत ए के आकिब नबी ने भी छह-छह विकेट लिए हैं।
गिब्सन और ब्रेट रैंडेल अब तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भी न्यूजीलैंड ए की टीम के साथ बने रहेंगे, जबकि डानरू फ़र्न्स को भी टीम में शामिल किया जाएगा। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ हेनरी निकल्स को पिछले सप्ताह न्यूज़ीलैंड की वनडे टीम में शामिल किए जाने के बाद टिम रॉबिन्सन न्यूजीलैंड ए की टीम के साथ बने रहेंगे।
Pic Credit : UNI
