Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सीएसके के कप्तान ऋतुराज पर लगा 24 लाख का जुर्माना

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख का जुर्माना लगा है। ऋतुराज पर यह जुर्माना सीएसके द्वारा गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धीमी ओवर गति के कारण लगा है। जीटी के खिलाफ सीएसके को 89 रनों से हार का सामना करना पड़ा। 

आईपीएल 2026 में यह दूसरा मौका रहा, जब सीएसके की टीम निर्धारित समय पर अपने 20 ओवर फेंकने में नाकाम रही है। इसी कारण कप्तान ऋतुराज के साथ-साथ प्लेइंग इलेवन में शामिल सीएसके के बाकी खिलाड़ियों पर भी 6 लाख या मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, जिसमें इम्पैक्ट खिलाड़ी भी शामिल है। सीएसके और कप्तान ऋतुराज को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 का दोषी पाया गया है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 229 रन लगाए। साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम को शानादर शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 12.2 ओवर में 125 रन जोड़े।

Also Read : नमाज तय जगहों पर ही पढ़ी जाए, सड़कों पर नहीं : उत्तराखंड सीएम धामी

सुदर्शन ने 53 गेंदों का सामना करते हुए 84 रनों की दमदार पारी खेली। सुदर्शन ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, शुभमन गिल ने 37 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 64 रनों का योगदान दिया। जोस बटलर ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए महज 27 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए।

हालांकि, 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की पूरी टीम सिर्फ 140 रन बनाकर ढेर हो गई। संजू सैमसन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, तो ऋतुराज गायकवाड़ 16 रन ही बना सके। वहीं, मैथ्यू शॉर्ट ने 14 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया। उर्विल पटेल जीरो पर आउट हुए, जबकि कार्तिक शर्मा सिर्फ 19 रन ही बना सके।

डेवाल्ड ब्रेविस का बल्ला भी खामोश रहा और वह सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शिवम दुबे ने अंत के ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 47 रन बनाए, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। इस हार के साथ ही सीएसके का आईपीएल 2026 में सफर समाप्त हो गया।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version