Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वापसी पर हार के बावजूद खेल का पूरा आनंद लिया 44 साल की सेरेना ने

लगभग चार साल में अपना पहला एकल मैच खेलने वाली सेरेना विलियम्स को विंबलडन में वापसी पर भले ही हार का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने खेल का पूरा आनंद लिया और इस बीच दर्शकों का उत्साह भी चरम पर था।

इस 44 वर्षीय खिलाड़ी ने जैसे ही सेंटर कोर्ट पर कदम रखा तो उत्साह और बढ़ गया। 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना ने विंबलडन के पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया की 20 वर्षीय माया जॉइंट से 6-3, 6-7 (6), 6-3 से हारने के बावजूद सराहनीय प्रदर्शन किया। उनकी दोनों बेटियां उनका उत्साह बढ़ा रही थीं। मैच समाप्त होने के बाद सेरेना तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मुस्कुराते हुए मैदान से बाहर चली गईं।

सेरेना ने बाद में कहा, ‘‘विंबलडन में वापसी करके वास्तव में बहुत अच्छा लगा। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं यहां वापसी कर पाऊंगी। माहौल अद्भुत था। मैदान पर उतरना शानदार था। मैंने इसका भरपूर आनंद लिया।’’

सेरेना ने मैच के दौरान दिखाया कि वह अब भी 120 मील प्रति घंटे से अधिक की गति से सर्व कर सकती हैं और अपने ग्राउंडस्ट्रोक से अंक हासिल कर सकती हैं। हालांकि उनके लिए मूवमेंट एक समस्या थी। यही वजह थी 87वीं रैंकिंग की खिलाड़ी जॉइंट ने अमेरिकी खिलाड़ी की पहुंच से बाहर शॉट मारकर अधिक अंक जीतने में सफल रही।

Also Read : उच्च न्यायालय ने सांसद राघव चड्ढा के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट हटाने का निर्देश दिया दिल्ली अदालत राघव चड्ढा

जॉइंट ने कहा वह बेहद प्रभावशाली हैं, वह महान खिलाड़ी हैं। उनके खिलाफ खेलना सपना सच होने जैसा है। यह वास्तव में अविश्वसनीय है।

सेरेना अब महिला युगल मैच में अपना भाग्य आजमाएगी जहां उन्होंने अपनी बड़ी बहन वीनस के साथ जोड़ी बनाई है।

इस बीच पहले दिन नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर और एरीना सबलेंका के अलावा नोवाक जोकोविच की जीत के बाद अब फ्रेंच ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव और विंबलडन की मौजूदा चैंपियन इगा स्वियातेक मंगलवार को दूसरे दौर में पहुंच गए।

दूसरी वरीयता प्राप्त ज़्वेरेव ने अलेक्जेंडर ब्लॉकक्स को 6-4, 6-7 (8), 7-6 (5), 7-6 (0) से हराया। स्वियातेक अपनी सर्विस पर संघर्ष करती दिखीं और टेलर टाउनसेंड को 6-1, 2-6, 6-3 से हराने से पहले उन्होंने नौ डबल-फॉल्ट किए।

दूसरे नंबर की खिलाड़ी एलेना रायबाकिना भी आगे बढ़ गईं। उन्होंने लोइस बोइसन को 6-4, 1-6, 6-3 से हराया।

पिछले साल यहां क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले चौथी वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन फिनलैंड के क्वालीफायर ओटो विर्टानेन से 6-4, 3-6, 6-7 (8), 6-2, 7-6 (9) से हारकर बाहर हो गए।

मैटियो बेरेटिनी ने स्टैन वावरिंका को 6-7 (7), 7-6 (16), 7-6 (7), 7-6 (5) से हराया। यह वावरिंका का विंबलडन में आखिरी मैच था, जिन्होंने पहले ही घोषणा कर रखी है कि वह साल के आखिर में संन्यास ले लेंगे।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version