खेल समाचार

दुती चंद का गोल्डन डबल

ByNI Sports Desk,
Share
दुती चंद का गोल्डन डबल
भुवनेश्वर। भारत की सबसे तेज धाविका दुती चंद ने पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में आज 200 मीटर का स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने इससे पहले कल 100 मीटर का स्वर्ण पदक भी जीता था। कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) का प्रतिनिधित्व कर रही 24 वर्षीय दुती ने 23.66 सेकेंड का समय लेकर 200 मीटर में स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि मुंबई यूनिवर्सिटी की कीर्ति विजय भोइते ने 24.98 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक जीता। उत्कल यूनिवर्सिटी की दीपाली महापात्रा ने 25.19 सेकेंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी दुती ने इससे पहले कल 100 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीता था। दुती ने कहा, 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीतना काफी सुखद है। 100 मीटर दौड़ में थोड़ी मुश्किल होती है लेकिन 200 मीटर में दौड़ना थोड़ा आसान है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स हमारे राज्य ओडिशा के लिए एक अच्छा टूर्नामेंट है। इसका आयोजन एशियाई खेलों की तरह किया जा रहा है जहां खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, रहना और खाने जैसी सभी बेहतर सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने कहा, मेरे ख्याल से भारत में हर महीने दो प्रतियोगिता होनी चाहिए। देश में जितनी प्रतियोगिताएं होंगी उतने ही अच्छे खिलाड़ी देश को मिलेंगे। सिर्फ ट्रेनिंग से कुछ नहीं होता। कड़ी मेहनत और ट्रेनिंग के साथ-साथ टूर्नामेंट में भाग लेना भी काफी जरुरी है। दुती चंद ने इससे पहले कल 11.49 सेकंड का समय निकाल कर स्वर्ण जीता था। दुती का 100 मीटर में सर्वश्रेष्ठ समय 11.22 सेकंड है और टोक्यो ओलम्पिक का टिकट हासिल करने के लिए उन्हें 11.15 सेकंड का समय निकालना है।
Published

और पढ़ें