Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मूनी को पछाड़कर विश्व की नंबर एक महिला टी20 बल्लेबाज बनीं जॉर्जिया वोल

ऑस्ट्रेलिया की युवा बल्लेबाज जॉर्जिया वोल आईसीसी की जारी ताजा टी20 रैंकिंग में दुनिया की नंबर एक बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने बेथ मूनी की 26 महीने से जारी बादशाहत को खत्म कर दिया है। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में जॉर्जिया वोल का प्रदर्शन दमदार रहा था। भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना भी तीसरे नंबर पर खिसक गई हैं। 

इस टी20 सीरीज के दौरान जॉर्जिया वोल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 करियर का पहला शतक भी लगाया था। उन्होंने 52 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी। जॉर्जिया ने ताजा रैंकिंग में 8 पायदान की छलांग लगाई है। वोल के अब 815 रेटिंग प्वाइंट्स हो गए हैं और वह बेथ मूनी से आगे निकल गई हैं। मूनी दूसरे नंबर पर खिसक गई हैं और उनके 788 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। भारतीय टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को भी एक पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है और वह अब तीसरे नंबर आ गई हैं। वहीं, हेली मैथ्यूज चौथे नंबर पर खिसक गई हैं।

Also Read : सीएसके के खिलाफ जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने रचा इतिहास

बेथ मूनी क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में जनवरी 2024 से विश्व की नंबर एक बल्लेबाज बनी हुई थीं। उन्होंने ताहिला मैक्ग्रा से नंबर एक की पोजीशन को छीना था। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में जॉर्जिया वोल ने अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। उन्होंने 3 मुकाबलों में 172 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 148 रन बनाए थे। जॉर्जिया के दमदार प्रदर्शन के बूते ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम करने में सफल रही थी।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वालीं न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान अमेलिया केर दुनिया की नंबर एक ऑलराउंडर बन गई हैं। उनके कुल 508 रेटिंग प्वाइंट्स हो गए हैं और उन्होंने वेस्टइंडीज की स्टार खिलाड़ी हेली मैथ्यूज को नंबर 2 पर ढकेल दिया है। केर यह मुकाम हासिल करने वाली न्यूजीलैंड की महज चौथी खिलाड़ी हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ रेबेका स्टील, एमी वॉटकिंस और सोफी डिवाइन ही हासिल कर सकी हैं। हेली मैथ्यूज अक्टूबर 2023 से दुनिया की नंबर एक ऑलराउंडर बनी हुई थीं।

मैडी ग्रीन अपनी टीम की हार में 85 रन बनाने के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में चार पायदान ऊपर चढ़कर 13वें नंबर पर आ गई हैं। वनडे रैंकिंग में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो एकदिवसीय मुकाबले में कोई खास प्रदर्शन न करने की वजह से अलाना किंग गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे पायदान पर खिसक गई हैं। इंग्लैंड की गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन विश्व की नंबर एक वनडे गेंदबाज बन गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वेयरहम वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो वनडे में 81 रन बनाने और चार विकेट लेने के बाद ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में आठ पायदान ऊपर चढ़कर 16वें स्थान पर आ गई हैं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version