Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आईसीसी रैंकिंग: वनडे में अबरार करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंचे

पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद और न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र को आईसीसी मेंस प्लेयर रैंकिंग के ताजा अपडेट में सबसे ज्यादा फायदा मिला है। अबरार अहमद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में अपने दमदार प्रदर्शन के साथ गेंदबाजी रैंकिंग में मील का पत्थर हासिल किया है। इस मिस्ट्री स्पिनर ने 7 पायदान की छलांग लगाकर चौथा स्थान हासिल किया, उनकी रेटिंग 633 रही, जो उनके वनडे करियर की अब तक की सबसे ऊंची रैंकिंग है। 

पाकिस्तानी तेज गेंदबाजी के अगुआ शाहीन शाह अफरीदी भी वनडे गेंदबाजी चार्ट में ऊपर चढ़े। पूरी सीरीज में चार विकेट लेने के बाद, इस बाएं हाथ के गेंदबाज ने चार पायदान की छलांग लगाकर 13वां स्थान हासिल किया।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने गेंदबाजों के बीच सबसे लंबी छलांग लगाई है। दो मुकाबलों में 6 विकेट के साथ उन्होंने रैंकिंग में 24 पायदान की छलांग लगाते हुए 44वां स्थान हासिल कर लिया है।

पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी मुश्किल हुई, जिससे मैट रेनशॉ का योगदान खास तौर पर कीमती साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 43 और 61 रनों की पारियां खेलीं, जिसके चलते वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में उन्हें 102 पायदानों की जबरदस्त छलांग लगाते हुए 78वां स्थान हासिल कर लिया है।

Also Read : आईटी शेयरों के कमजोर प्रदर्शन से सेंसेक्स 303 अंक फिसलकर बंद

मैट रेनशॉ के कई साथियों ने भी तरक्की की है। जोश इंग्लिस तीन पायदान ऊपर चढ़कर 57वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि कैमरन ग्रीन ने बल्ले से उपयोगी योगदान देने के बाद पांच पायदान की छलांग लगाकर 63वां स्थान हासिल किया है।

इसके विपरीत, पाकिस्तानी बल्लेबाज सलमान अली आगा वनडे बल्लेबाजी की टॉप 10 रैंकिंग से बाहर हो गए। ताजा रैंकिंग में वे पांच पायदान नीचे खिसककर 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस बीच, न्यूजीलैंड की आयरलैंड पर टेस्ट में मिली शानदार जीत के बाद रेड-बॉल रैंकिंग में कुछ फेरबदल देखने को मिला। टेस्ट बल्लेबाजों में रचिन रवींद्र ने शानदार तरक्की की। आयरलैंड के खिलाफ सेंचुरी ने उन्हें अपने करियर में पहली बार टॉप-10 में पहुंचा दिया। 737 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ वे नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

न्यूजीलैंड के टॉम ब्लंडेल को 186 रन की पारी की बदौलत वे आठ स्थान ऊपर चढ़कर टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने प्रदर्शन के बाद, आयरलैंड के तेज गेंदबाज मार्क अडायर टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में वापस आ गए हैं। वे 24वें स्थान पर इस लिस्ट में फिर से शामिल हुए हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण में भी सुधार देखने को मिला। नाथन स्मिथ 24 स्थान ऊपर चढ़कर 59वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि ब्लेयर टिकनर नौ स्थान ऊपर चढ़कर 54वें स्थान पर पहुंच गए।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version