भारत के सामने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले टी 20 से पूर्व पहली बड़ी चुनौती यह होगी कि उसके स्पिन ऑलराउंडर एशियाई परिस्थितियों की तुलना में गेंद से कम असरदार साबित हो सकते हैं। घरेलू मैदान पर भारत अक्षर पटेल, नमन धीर और एक तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पर भरोसा करता रहा है, ताकि ये तीनों मिलकर आठ ओवर डाल सकें। न्यूजीलैंड में भारत को इस रणनीति को बदलना पड़ सकता है। टीम नमन धीर को बाहर बैठाकर दो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों को खिला सकती है। हालांकि धीर ने अपने पिछले मैच में छह गेंदों पर 24 रन बनाए थे।
वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ बारिश से धुल गए सीरीज के निर्णायक मुक़ाबले में भुवनेश्वर कुमार की वापसी हो गई थी। अनुभव को देखते हुए उन्हें प्लेइंग-XI में एक बार फिर जगह मिल सकती है। लेकिन बड़ा सवाल है कि फ़िट हो चुके वरुण चक्रवर्ती को कैसे अंतिम एकादश में लाया जाए। क्या भारत एक मिस्ट्री स्पिनर को खिलाएगा या तीसरे तेज गेंदबाज को? क्राइस्टचर्च में खेले गए पिछले टी20 अंतर्राष्ट्रीय में दक्षिण अफ़्रीका ने तीन स्पिनरों को खेलाया था, लेकिन वह सीजन का आख़िरी दौर था। गर्मियों की शुरुआत में परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के मुफीद रहती हैं।
Also Read : ऋचा चड्ढा ने ‘मुसाफिरी’ में बताया मुंबई के आर्थिक राजधानी बनने का सफर
उधर मेजबान टीम की बात करें तो मार्क चैपमैन की ग़ैरमौजूदगी उन्हें जरूर खलेगी। हालांकि गेंदबाजी में न्यूजीलैंड के पास स्पिन के तीन विकल्प होंगे। इनमें कप्तान मिचेल सैंटनर के अलावा माइकल ब्रेसवेल और ग्लेन फ़िलिप्स शामिल हैं, जो केवल बल्लेबाज के तौर पर भी प्लेइंग-XI में जगह बना सकते हैं। तेज गेंदबाजी विभाग में टीम के पास कई विकल्प हैं। जैकब डफ़ी, मैट हेनरी, एडम मिल्न, लॉकी फ़र्ग्युसन, काइल जेमीसन और ब्लेयर टिकनर में से चयन किया जा सकता है।
रचिन रवींद्र चोट के कारण बाहर हैं। ऐसे में फ़िन ऐलन और टिम साइफ़र्ट के साथ डेवन कॉन्वे शीर्ष तीन में बल्लेबाजी कर सकते हैं।
न्यूजीलैंड (संभावित): 1 फ़िन ऐलन, 2 टिम साइफ़र्ट (विकेटकीपर), 3 डेवन कॉन्वे, 4 ग्लेन फ़िलिप्स, 5 डैरिल मिचेल, 6 माइकल ब्रेसवेल, 7 मिचेल सैंटनर (कप्तान), 8 नेथन स्मिथ, 9 काइल जेमीसन, 10 मैट हेनरी, 11 लॉकी फ़र्ग्युसन
भारत (संभावित): 1 अभिषेक शर्मा, 2 संजू सैमसन (विकेटकीपर), 3 इशान किशन, 4 श्रेयस अय्यर (कप्तान), 5 तिलक वर्मा, 6 शिवम दुबे, 7 नीतीश कुमार रेड्डी, 8 अक्षर पटेल, 9 भुवनेश्वर कुमार, 10 प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती, 11 अर्शदीप सिंह
पिच और परिस्थितियां
गर्मियों की शुरुआत है, लेकिन सीरीज से पहले मौसम अच्छा रहा है। हालांकि, रात 8 बजे मैच शुरू होने तक तापमान में गिरावट आ सकती है और खिलाड़ियों को दिन के दौरान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने वाले सुहावने मौसम का पूरा फ़ायदा नहीं मिल पाएगा। ताजा पिचों के कारण मैदान पर भी ठंडक महसूस हो सकती है। मैच के दौरान ओस पड़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
Pic Credit : UNI
