अनमोलप्रीत सिंह के शानदार शतक की बदौलत मोहाली किंग्स ने 259 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक मुकाबले में अमृतसर सूरमाओं को पांच विकेट से हरा दिया। मोहाली किंग्स ने यह लक्ष्य तीन गेंद शेष रहते हासिल किया।
मोहाली के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 के उद्घाटन मुकाबले में मोहाली किंग्स ने टॉस जीतकर अमृतसर सूरमाओं को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। अभिषेक शर्मा की अगुवाई वाली अमृतसर सूरमाओं की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 258 रन बनाए। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए।
अभिषेक शर्मा और सलामी बल्लेबाज सहज धवन ने मोहाली के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही हमला बोल दिया। दोनों ने महज 5.1 ओवर में 100 रनों की साझेदारी कर ली। पावरप्ले के दौरान दोनों बल्लेबाजों ने लगातार चौके-छक्के लगाते हुए अमृतसर को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। धवन 18 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन अभिषेक शर्मा ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। कप्तान ने महज 26 गेंदों पर 77 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और सात छक्के शामिल रहे।
इसके बाद नमन धीर ने मोर्चा संभाला और तेजी से रन बनाते हुए अमृतसर की पारी को मजबूती दी। धीर ने 22 गेंदों पर 47 रन बनाए और मोहाली के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। राहुल कुमार ने भी रफ्तार बरकरार रखी और अभय चौधरी के साथ मिलकर केवल दो ओवर में 23 रन जोड़े। राहुल 13 गेंदों पर 23 रन बनाकर तेजप्रीत सिंह का शिकार बने। मोहाली किंग्स की ओर से तेजप्रीत सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। टॉप और मिडिल ऑर्डर के शानदार प्रदर्शन के दम पर अमृतसर सूरमाओं ने 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और मोहाली किंग्स के सामने 259 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
Also Read : वैभव सूर्यवंशी ने खेली 92 रन की आतिशी पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहाली किंग्स की शुरुआत खराब रही। अमृतसर के कप्तान अभिषेक शर्मा ने पहले ही ओवर में मैनप्रीत जौहल को दो गेंदों पर बिना खाता खोले आउट कर दिया। हालांकि, गुरमेहर सारा और अनमोलप्रीत सिंह ने पारी को संभालते हुए तेजी से 62 रनों की साझेदारी की। सारा ने केवल 12 गेंदों पर 26 रन की आक्रामक पारी खेली, लेकिन वह जल्द ही आउट हो गए। इसके बाद मोहाली को एक और झटका लगा, जब आर्यन भाटिया भी दो गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
दबाव बढ़ने के बावजूद अनमोलप्रीत सिंह और कप्तान रामनदीप सिंह ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए शानदार 151 रनों की साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अनमोलप्रीत सिंह मोहाली की जीत के सबसे बड़े नायक रहे। उन्होंने महज 51 गेंदों पर 133 रनों की विस्फोटक पारी खेली और अपनी टीम को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया।
इसके बाद रामनदीप सिंह ने पारी को आगे बढ़ाया। हरप्रीत ने भी केवल आठ गेंदों पर तेज 23 रन बनाकर मोहाली को जीत के करीब पहुंचाया। इसके साथ ही अंतिम दो ओवरों में मोहाली को जीत के लिए सिर्फ नौ रनों की जरूरत रह गई।
हरप्रीत को नमन धीर ने अपनी ही गेंद पर शानदार कैच लपककर आउट किया, लेकिन तब तक मोहाली किंग्स की जीत लगभग तय हो चुकी थी। रामनदीप ने अपना संयम बनाए रखा और अंतिम ओवर में टीम को जीत दिला दी। वह 40 गेंदों पर शानदार 69 रन बनाकर नाबाद रहे। मोहाली किंग्स ने तीन गेंद शेष रहते पांच विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
Pic Credit : ANI
