Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उंगली में चोट के कारण मुशफिकुर पहले टेस्ट से बाहर

बंगलादेश के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम उंगली में लगी चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच से बाहर हो गए हैं।

बीसीबी अकादमी में मंगलवार को नेट्स पर बल्लेबाजी करते समय एक बाउंसर लगने से मुशफिकुर की उंगली में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें दर्द से जूझते हुए नेट्स से बाहर आना पड़ा। उनकी उंगली की चोट पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई है। इस कारण वह पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पायेंगे।

बुधवार सुबह, दस्ताने पहनते समय मुशफिकुर को काफी दर्द हो रहा था। राहत की बात यह रही कि उंगली का एक्स-रे कराने पर कोई गंभीर चोट (जैसे हड्डी का टूटना या फटना) नहीं पाई गई। उम्मीद है कि वह 5 नवंबर से सिलहट में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। 

Also Read : जॉनसन की जगह ब्रिस्बेन हीट में शामिल हुई यास्तिका भाटिया

बंगलादेश टीम के फिजियोथेरेपिस्ट बायजेदुल इस्लाम खान ने बुधवार को बताया कल प्रैक्टिस के दौरान उनके दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लग गई थी। वह निगरानी में थे, लेकिन आज सुबह तक उनकी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। यह एक तरह की अंदरूनी चोट है, और हमें उम्मीद है कि अगले तीन दिनों में वह ठीक हो जाएंगे। वह अगले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

मुशफिकुर के न होने से तौहीद हृदय के लिए मौका बन गया है, जिन्हें बंगलादेश की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। मुशफिकुर ने इस महीने की शुरुआत में अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पिछले टेस्ट मैच में 81 रन बनाए थे।

बंगलादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टॉस जीता और शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीजक के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यह सीरीज 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में बंगलादेश के बचे हुए छह टेस्ट मैचों का हिस्सा है। पहली बार फाइनल में पहुंचने के लिए, उन्हें अपने बचे हुए मैचों में चार जीत और कम से कम एक ड्रॉ की जरूरत है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version