Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार की दौर में नाहिद राणा और जतिंदर सिंह

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा, ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह और यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अजय कुमार को अप्रैल महीने के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद नाहिद राणा ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता था। 23 साल के तेज गेंदबाज राणा ने 3 मैचों में 8 विकेट लिए थे और बांग्लादेश को 2-1 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। राणा के लिए सबसे खास बात मीरपुर में दूसरे मैच में 32 रन देकर पांच विकेट लेना था। इस मैच में बांग्लादेश 55 रन से जीता था। इसी प्रदर्शन की वजह से वह अप्रैल महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए नामित हुए हैं।

नेपाल में आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 में ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह का शानदार प्रदर्शन रहा है, और उसी बदौलत उन्हें अप्रैल महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। 

Also Read : ‘फोर्स 3’ के लिए जी-जान से मेहनत कर रहे हर्षवर्धन राणे

ओमान के कप्तान जतिंदर ने ओमान के क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 कैंपेन में पांच वनडे मैचों में 53.20 की औसत और 115 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 266 रन बनाए हैं। उन्होंने महीने की शुरुआत में स्कॉटलैंड के खिलाफ 51 रन बनाए और आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में नेपाल के खिलाफ 91 गेंदों पर शानदार 139 रन बनाए। यह किसी भी ओमान के बल्लेबाज का सबसे बड़ा वनडे स्कोर है।

यूएई के अजय कुमार आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 में शानदार प्रदर्शन की बदौलत अप्रैल महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए नामित हुए हैं। अजय ने 3.66 की इकॉनमी से 9 विकेट लिए हैं। उन्होंने आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में अपने करियर के पहले दो वनडे मैचों में नेपाल के खिलाफ 34 रन देकर तीन और ओमान के खिलाफ 35 रन देकर छह विकेट लिए थे। 

इन तीन में किसे अप्रैल महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाता है, इस पर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी। 

Pic Credit : ANI

Exit mobile version