Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद मुश्किल में पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद कथित तौर पर ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, यह सैंपल इसी साल हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान लिया गया था, जिसमें रिक्रिएशनल ड्रग्स पाए गए। 

‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ के मुताबिक, इस मामले के सामने आने के बाद इंग्लैंड की काउंटी टीम सरे के साथ टी20 ब्लास्ट के लिए उनका प्रस्तावित करार भी रद्द हो गया है।

पीसीबी के एक प्रवक्ता के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, “इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को इस मामले की जानकारी दी है। पीसीबी ने उचित प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के नतीजे आज आईसीसी को बता दिए जाएंगे।

मोहम्मद नवाज टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने वर्ल्ड कप में 7 मैच खेले, लेकिन सिर्फ 15 रन बनाने के साथ 7 विकेट अपने नाम कर सके।

Also Read : प्रधानमंत्री के संबंध में दिया गया बयान निंदनीय है: एकनाथ शिंदे

टी20 ब्लास्ट का आयोजन 26 मई से 18 जुलाई के बीच होगा। पहले उम्मीद थी कि यह ऑलराउंडर इस लीग में सरे का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपलब्ध रहेगा। पीसीबी ने उन्हें इस प्रतियोगिता के लिए सिर्फ 2 हफ्ते पहले ही ‘नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (एनओसी) जारी किया था। सरे उनके साथ करार की औपचारिक घोषणा करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, अब यह करार रद्द कर दिया गया है। नवाज इस गर्मी में इंग्लिश काउंटी टीम में शामिल नहीं होंगे।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 32 वर्षीय नवाज का रिकॉर्ड काफी मजबूत है, जो इस फॉर्मेट में पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। इस लेग स्पिनर ने 98 मुकाबलों में 101 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने इस सबसे छोटे फॉर्मेट में दो बार ‘5-विकेट हॉल’ भी लिए हैं। इसके साथ ही बल्ले से कुल 911 रन भी बनाए हैं।

फिलहाल नवाज पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में मुल्तान सुल्तान्स की तरफ से खेल रहे हैं। मंगलवार को कराची में रावलपिंडीज के खिलाफ मुकाबले में वह 26 रन देकर कोई विकेट हासिल नहीं कर सके थे। हालांकि, मुल्तान सुल्तांस ने यह मैच 6 विकेट से अपने नाम किया था।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version