राशिद खान ने अंतिम राउंड में पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाकर सात साल से चला आ रहा खिताबी सूखा समाप्त किया। उन्होंने विकाराबाद के वूटी गोल्फ काउंटी में खेले गए एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले तेलंगाना ओपन 2026 को तीन शॉट के अंतर से जीता।
दिल्ली के 35 वर्षीय राशिद (66-67-65-67) ने 23-अंडर 265 के कुल स्कोर के साथ अपना 15वां पेशेवर और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर 11वां खिताब हासिल किया। उन्हें 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली और वह 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में छठे स्थान पर पहुंच गए। इस सत्र में उनकी कुल कमाई अब 44,95,509 रुपये हो गई है।
दिल्ली के हनी बैसोया (72-65-66-65) ने प्रमुख दावेदारों के बीच अंतिम राउंड का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। उन्होंने नौ बर्डी और दो बोगी की मदद से सात-अंडर 65 का स्कोर बनाकर 20-अंडर 268 के कुल स्कोर के साथ उपविजेता स्थान हासिल किया। फरवरी में कुतुब गोल्फ कोर्स पर डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप जीतने वाले बैसोया को उपविजेता रहने पर 10 लाख रुपये मिले। वह 51,72,092 रुपये की कुल कमाई के साथ अब सत्र की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं।
Also Read : श्रीलंका के साथ टेस्ट सीरीज में पडिक्कल और सुथार का कौशल सराहनीय रहा: गिल
गुरुग्राम के वीर अहलावत (68-68-68-65), जो 2024 के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग चैंपियन हैं, ने भी अंतिम राउंड में 65 का स्कोर बनाया। उन्होंने तीसरे राउंड के बाद शीर्ष पर चल रहे चंडीगढ़ के अंगद चीमा (70-61-65-73) के साथ 19-अंडर 269 पर संयुक्त तीसरा स्थान साझा किया।
राशिद की पिछली डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई जीत मई 2019 में पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप प्रेजेंटेड बाय चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में आई थी। सात वर्षों के मुश्किल दौर के बाद दो बार के एशियन टूर विजेता और तीन बार के पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन राशिद के लिए विजेता बनना बेहद भावुक क्षण था।
राशिद ने कहा, “मैं इस समय अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता। मेरी पिछली जीत को सात साल हो चुके थे और इस दौरान मुझे अपने खेल के साथ काफी संघर्ष करना पड़ा। मैंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन उनसे बहुत कुछ सीखा भी। इस तरह के दौर से बाहर निकलने के बाद आपको समझ आ जाता है कि आपको क्या करना है।”
होटलप्लानर टूर पर गर्मियों के दौरान प्रतिस्पर्धा करने वाले मौजूदा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग लीडर सप्तक तलवार (72-68-71-70) सात-अंडर 281 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 24वें स्थान पर रहे। तलवार ने 1,14,450 रुपये अर्जित कर रैंकिंग में अपनी बढ़त और मजबूत की। इस सत्र में उनकी कुल कमाई अब 87,47,684 रुपये हो गई है।
Pic Credit : ANI
