आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही आरसीबी अंक तालिका में एक बार फिर पहले स्थान पर पहुंच गई है।
आरसीबी की यह इस सीजन की आठवीं जीत रही और अब टीम के 12 मुकाबलों में 16 प्वाइंट हो गए हैं। आरसीबी की जीत से गुजरात टाइटंस (जीटी) का नुकसान हुआ है और वह दूसरे नंबर पर खिसक गई है। हालांकि जीटी के भी आरसीबी के बराबर 16 प्वाइंट हैं, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (+1.053) का नेट रन रेट गुजरात टाइटंस (+0.551) से बेहतर है।
सनराइजर्स हैदराबाद 12 मुकाबलों में 14 प्वाइंट के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, पंजाब किंग्स 11 मुकाबलों में 13 प्वाइंट के साथ चौथे नंबर पर मौजूद है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) 11 मुकाबलों में 12 प्वाइंट के साथ पांचवें और राजस्थान रॉयल्स इतने ही मुकाबलों में 12 प्वाइंट के साथ छठे नंबर पर हैं। दिल्ली कैपिटल्स 12 मुकाबलों में 10 प्वाइंट अर्जित करने के साथ अंक तालिका में सातवें नंबर पर काबिज है।
Also Read : ईरानी विदेश मंत्री की अपील, ‘ ब्रिक्स का मंच अहम
वहीं, आरसीबी के खिलाफ मिली हार से कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है, हालांकि हार के बावजूद केकेआर 11 मुकाबलों में 9 प्वाइंट के साथ 8वें नंबर पर ही बनी हुई है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं।
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 192 रन लगाए। टीम की ओर से अंगकृष रघुवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 71 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं रिंकू सिंह ने 29 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए।
आरसीबी ने 193 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 4 विकेट गंवाकर हासिल किया। टीम की तरफ से विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। कोहली 60 गेंदों में 105 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया।
Pic Credit : ANI
