दासुन शनाका (नाबाद 121) की रिकॉर्ड शतकीय पारी और जेरेमिया लुईस (पांच विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने बैसेटेरे में सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ 137 रनों की जबरदस्त जीत हासिल की।
दासुन शनाका की रिकॉर्ड-तोड़ शतक के दम पर चार विकेट पर 235 रन बनाने के बाद, पैट्रियट्स ने जेरेमिया लुईस के पांच विकेटों की मदद से विपक्षी टीम को मात्र 98 रनों पर समेट कर मुकाबला अपने नाम किया।
पहले बैटिंग करते हुए पैट्रियट्स की शुरुआत धीमी रही। उन्होंने पहले तीन ओवरों में मात्र 10 रन बनाए और काइल मेयर्स का विकेट भी गंवा दिया। तीसरे ओवर में खेल की रफ़्तार बदली, जब मैथ्यू फोर्ड ने एक छक्का, एक चौका और पांच वाइड गेंदें दीं। इसके बाद आंद्रे फ्लेचर ने अगले ओवर में महेश थीक्षाना के खिलाफ 19 रन बनाए और छठे ओवर में तीन और बाउंड्री लगाईं, जिससे पावरप्ले के आखिर तक पैट्रियट्स का स्कोर एक विकेट पर 59 रन हो गया।
सातवें ओवर में फ्लेचर का कैच छूटा और उन्होंने तुरंत ही मात्र 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। रोस्टन चेज ने 10वें ओवर में जॉनसन चार्ल्स को आउट करके फ्लेचर और चार्ल्स के बीच 81 रनों की साझेदारी तोड़ी, लेकिन असली तबाही तो अभी बाकी थी। शनाका ने जोशुआ बिशप के खिलाफ़ दो चौके जड़कर अपना आक्रामक खेल शुरू किया और फिर चेज के खिलाफ दो छक्के लगाए।
Also Read : चोट के कारण कुसल मेंडिस, बिनुरा फर्नांडो इंग्लैंड में टी20 सीरीज से हुए बाहर
किंग्स ने दो ओवरों के अंदर फ्लेचर और जेसन होल्डर को आउट कर दिया, लेकिन शनाका के ज़बरदस्त खेल के कारण उन्हें कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने मात्र 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर मात्र 39 गेंदों में अपने शतक तक पहुंचे – जो सीपीएल का सबसे तेज शतक था। उन्होंने आखिरी ओवर में चार छक्के और एक चौका लगाया, जिससे पैट्रियट्स का स्कोर 4 विकेट पर 235 रन तक पहुंच गया।
किंग्स की पारी कभी ठीक से शुरू ही नहीं हो पाई। पहले ही ओवर में कामिल पूरन का विकेट गंवाने के बाद, उन्होंने पावरप्ले के दौरान जॉन कैंपबेल और चरित असलंका को भी खो दिया, जिससे इस चरण में उनका स्कोर 3 विकेट पर 46 रन ही रहा। अगले ओवर में वानिंदु हसरंगा ने ओबस पीनार को आउट किया और फिर जेरेमिया लुईस का जलवा देखने को मिला। 10वें ओवर में गेंदबाजी करने आए लुईस ने आते ही कमाल कर दिया और लगातार गेंदों पर चेस और फोर्ड को आउट किया। इसके बाद, अकेले संघर्ष कर रहे टिम सीफर्ट को अगले ओवर में एशमीड नेड ने आउट कर दिया।
लुईस ने वापसी करते हुए जोशुआ बिशप का विकेट लिया और फिर 14वें ओवर में थीक्षणा और अमारी गुडरिज को आउट करके पारी का समापन किया। किंग्स की टीम सिर्फ 98 रनों पर सिमट गई और केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके।
संक्षिप्त स्कोर इस प्रकार रहा:- सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रन (दसुन शनाका नाबाद 121, आंद्रे फ्लेचर 64; मैथ्यू फोर्ड 2-48)। सेंट लूसिया किंग्स 13.5 ओवर में 98 रनों पर ऑल-आउट (टिम सीफर्ट 50; जेरेमिया लुईस 5-10)।
Pic Credit : ANI
