Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

RCB की पांचवीं जीत का असली हीरो रहा ये गेंदबाज, पिछले साल एक ओवर में खाए थे 5 छक्के

RCB

Image Credit: IPL

IPL 2024: रविवार को खेले गए आईपीएल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को अभी जिंदा रखा है। बेंगलुरु ने अपने पिछले लगातार पांच मैचों में जीत दर्ज कर सनसनी मचा दी है और उसके पास अब भी प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका है। RCB की लगातार पांचवीं जीत में एक गेंदबाज हीरो साबित हुआ है।

RCB के 26 साल के तेज गेंदबाज यश दयाल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में शानदार गेंदबाजी की। यश दयाल ने इसके अलावा जेक फ्रेजर मैकगर्क को 21 रनों के निजी स्कोर पर रन आउट कर वाहवाह लूट ली। दयाल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में 3.1 ओवर में 20 रन दिए और 3 विकेट भी झटके। यश दयाल ने 6.30 की किफायती इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी की। यश दयाल ने अपने इस स्पेल के दौरान अभिषेक पोरेल (2), अक्षर पटेल (57) और कुलदीप यादव (6) को आउट किया।

यश दयाल की घातक गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 19.1 ओवर में 140 रन पर ऑलआउट कर दिया। यश दयाल पिछले आईपीएल सीजन में गुजरात टाइटंस (GT) टीम का हिस्सा थे। आईपीएल 2023 में यश दयाल के एक ओवर में लगातार 5 छक्के जड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने खूब नाम कमाया था। वहीं, यश दयाल उस शर्मिंदगी के बोझ से कुछ हद तक उबर गए हैं।

रजत पाटीदार के अर्धशतक के बाद यश दयाल की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज करते हुए दिल्ली को प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर कर दिया। बेंगलुरु के 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम अक्षर पटेल ने 39 गेंद में 57 रन बनाए और शाई होप (29) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 56 रन की साझेदारी के बावजूद 19.1 ओवर में 140 रन पर सिमट गई।

यह भी पढ़ें :- IPL 2024 में अभी तक इन 5 धुरंधरों ने दिखाया अपना जलवा, ये रही लिस्ट

यह भी पढ़ें :- शुभमन गिल पर धीमी ओवर गति के लिए 24 लाख का जुर्माना लगा

Exit mobile version