Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वैभव सूर्यवंशी बनेंगे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर

वैभव सूर्यवंशी

Bengaluru, Apr 24 (ANI): Rajasthan Royals' Vaibhav Suryavanshi in action during the match against Royal Challengers Bengaluru in the Indian Premier League 2025, at M.Chinnaswamy Stadium in Bengaluru on Thursday. (ANI Photo)

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को बड़ा सम्मान देने की घोषणा की है। मात्र 15 वर्ष की उम्र में अपने प्रदर्शन से सबको हैरान करने वाले इस प्रतिभाशाली क्रिकेटर को झारखंड सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा और उन्हें राज्य स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा। 

वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और अदम्य आत्मविश्वास से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने महज 15 साल की उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों को अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से धुनाई कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा वैभव, भले ही आपकी टीम मैच हार गई हो, लेकिन आपने लाखों भारतीयों का दिल पहले ही जीत लिया है। मैं खुद एक क्रिकेटर रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में बड़े गेंदबाजों का इस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ सामना करना वाकई असाधारण है। आपने न सिर्फ अपना नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान को गौरवान्वित किया है।

Also Read : बिहार: आवास खाली नहीं करने पर अड़ीं पूर्व सीएम राबड़ी देवी

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि वैभव सूर्यवंशी सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष का जीता-जागता प्रतीक हैं। उनकी सफलता ने लाखों युवाओं को प्रेरित किया है। डॉ. अंसारी ने कहा, “वैभव की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ने मुझे बेहद प्रभावित किया है। स्वास्थ्य विभाग युवाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश फैलाने के लिए वैभव के साथ मिलकर काम करेगा।

वैभव सूर्यवंशी को ब्रांड एंबेसडर बनाने का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या के प्रति प्रेरित करना है। स्वास्थ्य विभाग वैभव के साथ मिलकर विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों, जैसे पोषण, व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य और तंबाकू मुक्ति को प्रभावी ढंग से चलाएगा।

डॉ. इरफान अंसारी ने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और देश लंबे समय तक उन पर गर्व करता रहेगा।

झारखंड सरकार जल्द ही वैभव सूर्यवंशी के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें आधिकारिक रूप से सम्मानित करेगी। इस मौके पर उन्हें स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने का प्रमाण पत्र भी सौंपा जाएगा।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version