Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिग्गज गोल्फर विजय कुमार का निधन

भारतीय गोल्फ के दिग्गज और पूर्व इंडियन ओपन चैंपियन विजय कुमार का 57 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने सोशल मीडिया के माध्यम से की है। 

पीजीटीआई ने चार बार के ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता के निधन पर शोक जताते हुए कहा हमें भारतीय गोल्फ के एक सच्चे दिग्गज और पूर्व इंडियन ओपन चैंपियन, विजय कुमार के निधन से बहुत दुख हुआ है। विजय की सबसे बड़ी उपलब्धि दिल्ली गोल्फ क्लब में 2002 का इंडियन ओपन जीतना था। उन्होंने स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रयूज में खेले गए अल्फ्रेड डनहिल कप 1999 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उनकी असाधारण उपलब्धियां, उनके टैलेंट, सालों की कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति जुनून का नतीजा हैं, जिन्होंने भारतीय गोल्फ पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ा है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।

Also Read : छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट घोषित: 10वीं में 77.15 और 12वीं में 83.04 प्रतिशत स्टूडेंट्स सफल

पीजीटीआई ने कहा अपनी कामयाबियों के अलावा, हमेशा मुस्कुराते रहने वाले विजय को उनके सकारात्मक रवैये, खुशमिजाज स्वभाव, शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर और खेल भावना के लिए याद किया जाएगा। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सभी पेशेवर और अधिकारियों की ओर से, हम विजय कुमार के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं जताते हैं।

विजय कुमार का जन्म 29 दिसंबर, 1968 को लखनऊ में हुआ था। वह 1988 में पेशेवर खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 1990 के दशक के बीच से लेकर अगले दशक की शुरुआत तक भारतीय घरेलू गोल्फ में अपना दबदबा बनाए रखा और कई खिताब जीतते हुए एक शानदार करियर बनाया। वह चार बार (1995-96, 1997-98, 1998-99 और 1999-2000) इंडियन प्रोफेशनल सर्किट पर ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन बने। वह इंडियन ओपन का खिताब जीतने वाले सिर्फ सात भारतीयों में से एक हैं। विजय 2006 इंडियन ओपन में जॉइंट रनर-अप थे।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version