Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

रिटायरमेंट के बाद इस विदेशी लीग में नजर आएंगे विजय शंकर

आईपीएल और घरेलू क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा के महज तीन दिन बाद, भारत के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर को लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के छठे सीजन की खास लाइनअप में शामिल हो गए हैं। यह सीजन 17 जुलाई से 8 अगस्त तक खेला जाएगा। 

तमिलनाडु का यह क्रिकेटर एलपीएल 2026 में ‘कैंडी रॉयल्स’ की तरफ से खेलेगा। इस टीम में इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली और बांग्लादेश के अनुभवी खिलाड़ी शाकिब अल हसन जैसे बड़े विदेशी नाम शामिल हैं, जिन्हें 1 जून को होने वाले प्लेयर ड्राफ्ट से पहले टीम में बनाए रखा गया है।

वनडे वर्ल्ड कप 2019 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके विजय शंकर ने टूर्नामेंट में अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं। विजय शंकर से उम्मीद की जा रही है कि वह कैंडी रॉयल्स की टीम में अपना कीमती अनुभव और संतुलन जोड़ेंगे।

आगामी सीजन की तैयारी के लिए, फ्रेंचाइजी ने श्रीलंकाई सितारों वानिंदु हसरंगा और एंजेलो मैथ्यूज के साथ-साथ मोईन अली जैसे खिलाड़ियों को अपनी टीम में बनाए रखते हुए एक मजबूत खेमा तैयार किया है।

Also Read : राम रहीम फिर जेल से बाहर, 30 दिन की पैरोल हुई मंजूर

मौजूदा चैंपियन जाफना किंग्स ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखने के लक्ष्य के साथ, शाकिब अल हसन के साथ-साथ श्रीलंका के इंटरनेशनल खिलाड़ियों दुनिथ वेलालागे और भानुका राजपक्षे को भी अपनी टीम में बनाए रखा है।

आयोजकों ने बताया है कि आने वाले ड्राफ्ट के लिए 21 क्रिकेट खेलने वाले देशों से 650 से ज्यादा विदेशी खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन मिले हैं। एलपीएल 2026 में वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल भी लीग के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर नजर आएंगे।

श्रीलंका क्रिकेट लीग 2026 में कुल 5 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं, जिनमें एससी जाफना किंग्स, कैंडी रॉयल्स, दांबुला सिक्सर्स, गाले गैलेंट्स और कोलंबो कैप्स शामिल हैं। यह मुकाबला डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसके बाद प्लेऑफ होंगे। जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच सीजन का पहला मैच 17 जुलाई को खेला जाएगा, जबकि फाइनल 8 अगस्त को होगा।

35 वर्षीय विजय शंकर ने भारत की तरफ से 12 वनडे और 9 टी20 मैच खेले हैं। वह आईपीएल करियर में चार टीमों के लिए कुल 78 मैच खेले, जिसमें 26.23 की औसत के साथ 1,233 रन बनाए।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version