मंगलवार को ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद डेविड वॉर्नर के ऊपर 1500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (क़रीब एक लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया। ईस्टर रविवार को रैंडम ब्रीथ-टेस्टिंग साइट के पास पहुंचते समय उन्होंने एक यात्री के साथ सीट बदलने की कोशिश की थी।
वॉर्नर के वकील ने अदालत से उन्हें दोषी ठहराए जाने से राहत देने की मांग की थी। उनका तर्क था कि मीडिया कवरेज के कारण वॉर्नर को पहले ही अतिरिक्त सज़ा मिल चुकी है। वॉर्नर ने पिछले महीने अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। उस समय उनके शरीर में शराब की मात्रा क़ानूनी सीमा से दोगुने से भी अधिक पाई गई थी।
लेकिन जज क्लेयर फ़ार्नन ने कहा कि वॉर्नर की वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान को देखते हुए उनके सार्वजनिक छवि पर पड़ने वाला संभावित असर एक स्वाभाविक और अनुमानित परिणाम था। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में खेलने के बाद छुट्टियों में अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया लौटे वॉर्नर को गिरफ़्तार किया गया था। उनके वक़ील अवैस अहमद ने बताया कि एक समारोह में तीन ग्लास वाइन पीने के बाद वॉर्नर ने अपने परिवार को घर छोड़ने के लिए खुद गाड़ी चलाने का फ़ैसला किया।
Also Read : अमेरिका-ईरान के बीच 60-दिन का समझौता बेनतीजा, परमाणु मुद्दे, होर्मुज पर तनाव बरकरार
जब वॉर्नर ने ब्रीथ-टेस्टिंग साइट देखी तो उन्होंने गाड़ी रोककर एक महिला यात्री के साथ सीट बदलने की कोशिश की। अदालत में पढ़े गए तथ्यों के अनुसार, पुलिस द्वारा उन्हें ड्राइवर के रूप में पहचान लिए जाने के बाद उन्होंने जांच में पूरा सहयोग दिया।
जज ने कहा कि कार में वॉर्नर के बच्चे भी मौजूद थे, जिसके कारण यह अपराध और गंभीर हो गया। वकील अहमद ने वावेर्ली लोकल कोर्ट को बताया कि वॉर्नर की इस घटना की ख़बर ईएसपीएन, अल जज़ीरा और इंडियन एक्सप्रेस समेत दुनिया भर के मीडिया संस्थानों में प्रकाशित हुई। अहमद ने कहा कि, “इस अपराध के परिणाम गंभीर हैं। व्यावसायिक अवसर प्रभावित हो रहे हैं।”
सिडनी थंडर के मालिक और प्रबंधक संस्था क्रिकेट एनएसडब्ल्यू ने फैसले का संज्ञान लेते हुए कहा कि वह सुरक्षित ड्राइविंग के मज़बूत समर्थक है। एनएसडब्ल्यू के प्रवक्ता ने कहा, “हम इस घटना को गंभीरता से लेते हैं और सभी खिलाड़ियों को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में जागरूक करना जारी रखेंगे।”
जज फ़ार्नन ने माना कि वॉर्नर और उनके परिवार के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पर कुछ क्रूर टिप्पणियां की गई थीं। हालांकि, उन्होंने कहा कि पुलिस से अपने ड्राइविंग को छिपाने की कोशिश वार्नर के पक्ष में नहीं जाती।
जज ने कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाने से लोगों को रोकना और इसके प्रति सार्वजनिक स्तर पर संदेश देना उन्हें दोषी ठहराने के फ़ैसले में सबसे महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा, “वॉर्नर के दोबारा ऐसा अपराध करने की संभावना कम है। लेकिन दुर्भाग्य से, एनएसडब्ल्यू में होने वाली कई सड़क दुर्घटनाओं में शराब पीकर गाड़ी चलाना अभी भी एक महत्वपूर्ण कारण है।”
वॉर्नर इंटरलॉक लाइसेंस के लिए आवेदन करने और अपनी कार में यह डिवाइस लगवाने के बाद गाड़ी चला सकेंगे। यह डिवाइस एक साल तक उनकी कार में लगा रहेगा और अगर उनके शरीर में शराब की मात्रा पाई जाती है तो यह कार स्टार्ट होने से रोक देगा।
Pic Credit : ANI
