Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जब संजू सैमसन लाइन तोड़कर केएल राहुल से मिलने पहुंचे

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने रविवार को दिल्ली में नमन अवॉर्ड्स का आयोजन किया था। यह आयोजन बेहद खास था। समारोह के दौरान चैंपियंस ट्रॉफी 2025, महिला विश्व कप 2025, टी20 विश्व कप 2026, अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2026 और अंडर-19 पुरुष विश्व कप में भारत की जीत का जश्न मनाया गया। खिताब जीतने वाली टीम के खिलाड़ी समारोह का हिस्सा थे। इस दौरान संजू सैमसन और केएल राहुल के बीच एक बेहद संजीदा और दिल को छू लेने वाली केमिस्ट्री देखने को मिली। 

बीसीसीआई ने विश्व कप जीतने वाली सभी टीमों को एक-एक कर सम्मानित किया। टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी जब स्टेज पर जा रहे थे, उस समय बगल से आवाज आई, संजू। संजू ने अपनी दायीं ओर देखा, उन्हें कोई नहीं दिखा, और वे दो कदम आगे बढ़ गए, लेकिन उन्होंने फिर दाईं ओर देखा तो केएल राहुल खड़े थे और खिलाड़ियों के सम्मान में ताली बजा रहे थे। सैमसन समझ गए कि उन्हें राहुल ने ही बुलाया था। सैमसन पीछे मुड़े और राहुल के पास जाकर उनसे गले मिले और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दृश्य ने भारतीय क्रिकेट के दो बेहतरीन खिलाड़ियों के बीच भाइचारा और एक-दूसरे के प्रति सम्मान को दिखाया। 

Also Read : संजू सैमसन वेस्टइंडीज पर भारत को जीत दिलाने के बाद बेहद खुश थे

केएल राहुल समारोह में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के विजेता खिलाड़ी के रूप में उपस्थित थे। राहुल का भारत को चैंपियंस ट्रॉफी का चैंपियन बनान में अहम योगदान रहा था। 

बात करें सैमसन की, तो वह इस समय में भारतीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा चर्चा किया जाने वाला नाम हैं। सैमसन की प्रतिभा पर कभी किसी को शक नहीं था, लेकिन इस खिलाड़ी में निरंतरता और धैर्य की कमी दिखती थी। इस वजह से प्लेइंग इलेवन में वह अपनी जगह भी खो चुके थे, लेकिन विश्व कप में सुपर-8 में मौका मिलने के बाद दुनिया ने एक अलग ही सैमसन देखा। यह वो सैमसन थे जिनकी बल्लेबाजी में भारत को चैंपियन बनाने का लक्ष्य और उसके लिए दृढ़ता स्पष्ट दिख रही थी।

सैमसन की क्वार्टरफाइनल जैसे मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई नाबाद 97 रन की पारी ने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन की सैमसन की पारियों ने भारत को विश्व चैंपियन बनाने में यादगार भूमिका निभाई। इन तीन पारियों की बदौलत सैमसन टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनकर उभरे।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version