आज खास

आंध्र कोरोना मुक्त होने की कगार पर

ByNI Desk,
Share
आंध्र कोरोना मुक्त होने की कगार पर
नई दिल्ली। दो महीने पहले तक कोरोना वायरस के संक्रमितों से बुरी तरह से त्रस्त आंध्र प्रदेश अब कोरोना वायरस से मुक्त होने की कगार पर है। दूसरे दक्षिणी राज्यों के मुकाबले आंध्र में बड़ी  तेजी से स्थिति में सुधार हुआ है और अब वहां दो हजार से भी कम एक्टिव केस रह गए हैं। देश के बड़े राज्यों में आंध्र एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां संक्रमितों की संख्या नौ लाख के करीब पहुंची और उसमें से 98 फीसदी लोग ठीक हो गए। राज्य में अब सिर्फ 1,987 एक्टिव केस हैं और शनिवार को पूरे राज्य में सिर्फ 114 नए केस मिले, जबकि 326 लोग इलाज से ठीक हुए। इसके अलावा अच्छी खबर यह भी है कि देश के करीब एक दर्जन राज्यों में रोज मिलने वाले मरीजों की संख्या एक सौ के करीब रह रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तेजी से स्थिति सुधरी है और मरीजों की घटती संख्या को देखते हुए अरविंद केजरीवाल ने एक अहम फैसला किया है। राज्य सरकार ने दिल्ली के 115 निजी अस्पतालों को कोविड-19 की मरीजों के लिए आरक्षित आईसीयू बेड्स की संख्या घटाने को कहा है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने ज्यादातर दफ्तरों में सौ फीसदी कर्मचारियों को बुलाने का आदेश भी दिया है। एक्टिव केसेज के मामले में सिर्फ चार-पांच राज्य ही है, जिन्हें लेकर सरकार चिंता में है। केरल के अलावा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में स्थिति थोड़ी ऊपर-नीचे हो रही है। महाराष्ट्र और केरल में एक्टिव केसेज की संख्या एक लाख 20 हजार के करीब है। पूरे देश में दो लाख सात हजार एक्टिव केस हैं, जिनमें से एक लाख 20 हजार केस इन दो राज्यों में हैं। यानी बाकी पूरे देश में सिर्फ 87 हजार एक्टिव केस रह गए हैं। केरल में शनिवार को एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर 68 हजार से ऊपर पहुंच गई है। शनिवार की भी केरल में 5,960 नए केसेज मिले, जबकि 5,011 मरीज ठीक हुए। राज्य में नए मरीजों और ठीक हुए मरीजों का यह अनुपात कई दिन से बना हुआ है। इसलिए हर दिन करीब एक हजार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। इस बीच भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या शनिवार को देर रात तक एक करोड़ पांच लाख 60 हजार के करीब पहुंच गई थी। देर रात तक देश भर में 16 हजार के करीब नए केसेज आए। देश में अब एक्टिव केसेज की संख्या दो लाख सात हजार हो गई है।
Published

और पढ़ें