गपशप

दिल्ली चुनाव में सितारों का प्रचार

Share
दिल्ली चुनाव में सितारों का प्रचार
इस बार दिल्ली विधानसभा के चुनाव प्रचार में सितारों का जमावड़ा लगना है। भाजपा और कांग्रेस की ओर से इसकी जोरदार तैयारी है। इसमें आम आदमी पार्टी थोड़ी पीछे है पर उसके पास भी अनेक सितारे प्रचार के लिए हैं। आप के लिए स्वरा भास्कर प्रचार करेंगी। पार्टी की चुनावी धुन बनाने वाले संगीतकार विशाल ददलानी और दक्षिण की व हिंदी फिल्मों में समान रूप से लोकप्रिय अभिनेता प्रकाश राज भी आप के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। हालांकि आप के ज्यादातर नेता नहीं चाहते हैं कि नागरिकता कानून के विरोध में खड़े ज्यादा सितारे उनके प्रचार में आए क्योंकि इससे भाजपा को प्रचार का मौका मिलेगा और उसके नेता आप को सीएए विरोधी दिखाएंगे। बहरहाल, भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी प्रचार में उतर गई हैं। उनके अलावा भोजपुरी फिल्मों के सितारे प्रचार करेंगे। उनमें से दो तो पार्टी के सांसद हैं। दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और गोरखपुर के सांसद रवि किशन प्रचार करेंगे और अखिलेश यादव के खिलाफ लड़े दिनेश लाल यादव निरहुआ को भी भाजपा प्रचार में उतारेगी। अनुपम खेर बाहर होने की वजह से प्रचार नहीं कर पाएंगे। पर किरण खेर, विवेक ओबेरॉय जैसे कई दूसरे लोग प्रचार करेंगे। कांग्रेस की ओर से शत्रुघ्न सिन्हा प्रचार करेंगे। पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को भी कांग्रेस प्रचार में उतार रही है। नगमा और खुशबू के भी प्रचार करने की खबर है। उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस छोड़ गई हैं पर पार्टी के नेता उनको भी दिल्ली लाने की जुगाड़ में हैं।
Published

और पढ़ें