समाचार मुख्य

ब्राजील में एक लाख मौतें!

ByNI Desk,
Share
ब्राजील में एक लाख मौतें!
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण से दुनिया में दूसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में संक्रमण से मरने वालों की संख्या एक लाख के करीब पहुंच गई है। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 1,058 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 99,702 पहुंच गई। देर रात तक यह संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर जाएगी। ब्राजील में संक्रमितों की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटे में देश में 50 हजार नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 29 लाख 67 हजार से ज्यादा हो गई। दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 51 लाख से ऊपर हो गई है। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में 70 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसके बाद अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 51 लाख आठ हजार से ऊपर पहुंच गई। बीते 24 घंटे में मरने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। करीब डेढ़ हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 64 हजार 377 हो गई। जहां तक दुनिया भर में संक्रमण का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में पूरी दुनिया में करीब पौने तीन लाख नए केसेज आए, जिसके जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 96 लाख 15 हजार हो गई। इनमें से करीब एक करोड़ 26 लाख लोग इलाज से ठीक हो चुके हैं। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की औसत संख्या रोजाना तीन से पांच हजार के बीच होती है। परंतु भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में सात हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या सात लाख 25 हजार से ज्यादा हो गई। दुनिया भर में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में संक्रमितों की संख्या में शनिवार को मामूली कमी आई। शनिवार की शाम तक रूस में 5,212 नए संक्रमित मिले। अब वहां संक्रमितों की संख्या आठ लाख 82 हजार 347 हो गई है। देश में मरने वालों की संख्या 14,854 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें