नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या 10 करोड़ के करीब पहुंच गई है। सोमवार को हालांकि दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या औसत से कम रही फिर भी रात नौ बजे तक संक्रमितों की संख्या नौ करोड़ 98 लाख 80 हजार से ज्यादा हो गई थी। देर रात तक यह संख्या 10 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी। इसमें सबसे ज्यादा ढाई करोड़ से ज्यादा संक्रमित अकेले अमेरिका में हैं। दुनिया के तीन सबसे ज्यादा प्रभावित देशों- अमेरिका, भारत और ब्राजील के संक्रमितों की संख्या जोड़ें तो आंकड़ा साढ़े चार करोड़ के करीब पहुंच जाएगा। इसका मतलब है कि करीब आधे मामले सिर्फ तीन देशों के हैं।
भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में कई दिनों के बाद पांच लाख से कम मामले आए। सोमवार को कुल चार लाख 46 हजार मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर नौ करोड़ 98 लाख 80 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक वायरस के संक्रमण से मरने वालों का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दुनिया भर नौ हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 21 लाख 41 हजार से ऊपर पहुंच गया।
कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में संक्रमितों की संख्या में बड़ी कमी आई। भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में एक लाख 29 हजार नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो करोड़ 57 लाख सात हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में 1,867 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा चार लाख 29 हजार 557 हो गया।
अमेरिका और भारत के बाद दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में पांच दिन की लगातार बढ़ोतरी के बाद सोमवार को संक्रमितों की संख्या में कमी आई। भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 28 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 88 लाख 44 हजार से ज्यादा हो गई थी। इसी अवधि में ब्राजील में 609 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख 17 हजार 81 हो गई।
दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में सोमवार को नए संक्रमितों की संख्या में अच्छी खासी कमी हुई। रविवार को रूस में 19,290 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 37 लाख 38 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 69,918 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।