समाचार मुख्य

एक दिन में सवा सौ मौतें!

ByNI Desk,
Share
एक दिन में सवा सौ मौतें!
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण से देश भर में मरने वालों की संख्या 37 सौ से ज्यादा हो गई है। शुक्रवार को देर शाम तक देश में 123 मरीजों की मौत हुई, जिसके बाद देश भर में कोरोना के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 3,707 पहुंच गई। संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में शुक्रवार को 63 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों की संख्या 1,517 हो गई। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से देश में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों का रोजोना का औसत सवा सौ के करीब है। बहरहाल, कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के बाद नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में शुक्रवार को 29 लोगों की मौत हुई। अब गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 809 पहुंच गई है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को राज्य में 24 लोगों की मौत हुई थी। पश्चिम बंगाल में छह लोगों की मौत हुई, जिसके बाद वहां मरने वालों की संख्या 265 हो गई है। शुक्रवार की देर शाम तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मरने वालों की संख्या लगातार तीसरे दिन दहाई में रही। शुक्रवार को 14 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 208 हो गई। इससे पहले गुरुवार को 18 और बुधवार को दस लोगों की मौत हुई थी। बिहार में शुक्रवार को दो लोगों की मौत हुई, जिसके बाद वहां मरने वालों की संख्या 11 पहुंच गई। शुक्रवार को तमिलनाडु में चार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों की संख्या 959 पहुंच गई। आंध्र प्रदेश में एक व्यक्ति की मौत हुई, जिसके बाद वहां मरने वालों की संख्या 55 हो गई। राजस्थान में एक व्यक्ति की मौत हुई, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा 152 पहुंच गया है। इसके अलावा हरियाणा में दो और केरल में एक व्यक्ति की मौत हुई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट और राज्यों से मिली जानकारी पर आधारित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार की शाम तक 3,583 लोगों की मौत हुई है। शुक्रवार को 58 सौ से ज्यादा मामले देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़ने की दर रोजोना छह हजार तक पहुंच गई है। शुक्रवार को देर शाम तक 58 सौ से ज्यादा नए मामले सामने आए। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को छोड़ कर बाकी पूरे देश में शुक्रवार की देर शाम तक 5,848 मामले आए थे, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख 24 हजार से ज्यादा पहुंच गई। बहरहाल, शुक्रवार की शाम तक देश के कुल 1,24,073 मामले हैं, जिनमें से 51,307 लोग इलाज से ठीक हुए हैं और 3,707 लोगों की मौत हुई है। अभी 69,052 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में शुक्रवार को 2,940 मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 44,582 पहुंच गई। महाराष्ट्र के बाद इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में शुक्रवार की शाम तक 363 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 13,273 हो गई। तमिलनाडु में भी संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहां शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन सात सौ से ज्यादा मामले आए। राज्य में संक्रमण के 786 नए मामले मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 14,753 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन पांच सौ से ज्यादा मामले सामने आए। दिल्ली में 660 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 12,319 हो गई। राजस्थान में शुक्रवार को 150 नए मामले आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 6,377 पहुंच गई। आंध्र प्रदेश में 62 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 2,667 पहुंच गई है। बिहार में शुक्रवार को 118 नए मामले सामने आए, जिसके बाद जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 2,105 हो गई। प्रवासी मजदूरों के राज्य में लौटने के बाद संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। कर्नाटक में 138 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 1,743 पहुंच गई। जम्मू कश्मीर में 40 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 1,489 हो गई। इसके अलावा हरियाणा में 37, केरल में 43, असम में 44 और ओड़िशा में 86 नए मामले सामने आए। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट और राज्यों से मिली सूचना पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार की शाम तक संक्रमितों की कुल संख्या 1,18,447 थी, जिसमें से 3,583 लोगों की मौत हुई थी और 48,533 लोग इलाज से ठीक हुए थे। इसके मुताबिक 66,330 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Published

और पढ़ें