समाचार मुख्य

देश में 68 सौ से ज्यादा मौतें!

ByNI Desk,
Share
देश में 68 सौ से ज्यादा मौतें!
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले एक हफ्ते से हर दिन मरने वालों की औसत संख्या दो सौ से ऊपर पहुंच रही है। शनिवार को देर शाम तक 196 लोगों के मरने की खबर मिली। इसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य  प्रदेश और कुछ दूसरे राज्यों का आंकड़ा शामिल नहीं है क्योंकि इन राज्यों ने देर शाम तक आंकड़ा अपडेट नहीं किया था। इनका आंकड़ा अपडेट होने के बाद मरने वालों की संख्या सवा दो सौ के औसत से ऊपर जा सकता है। बहरहाल, 196 मौतों के साथ शनिवार की देर शाम तक देश में मरने वालों की संख्या 6,845 हो गई। कोरोना वायरस से सबसे अधिक संक्रमित महाराष्ट्र में शनिवार को मरने वालों की संख्या लगातार पांचवें दिन एक सौ से ज्यादा रही। तीन दिन की गिरावट के बाद राज्य में पिछले पांच दिन से संख्या बढ़ रही है। शनिवार को राज्य में 120 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़ कर 2,969 हो गई। कोरोना के नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में शनिवार को 29 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों की संख्या 1,219 पहुंच गई। शुक्रवार को राज्य में 35 लोगों की मौत हुई थी। महाराष्ट्र के बाद दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित तमिलनाडु में शनिवार को मरने वालों का आंकड़ा लगातार तीसरे दिन दहाई में रहा। शनिवार को राज्य में 19 लोगों की मौत हुई। इससे पहले शुक्रवार को 12 लोगों की मौत हुई थी। राज्य में मरने वालों की संख्या 254 पहुंच गई है। पश्चिम बंगाल में शनिवार को 17 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 383 हो गया। जम्मू कश्मीर में शनिवार को तीन लोगों की मौत हुई, जिसके बाद वहां मरने वालों की संख्या 39 हो गई। कर्नाटक में दो लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 59 हो गया है। इसके अलावा पंजाब व छत्तीसगढ़ में दो-दो और केरल में एक व्यक्ति की मौत हुई है। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट पर आधारित है। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक 6,642 लोगों की मौत हुई थी। संक्रमितों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी! भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को भी पिछले एक हफ्ते के औसत यानी आठ से नौ हजार के बीच संक्रमण होने का अनुमान है। देर शाम तक 76 सौ से ज्यादा मामले सामने आए थे, जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित कई और राज्यों का आंकड़ा शामिल नहीं है। इन राज्यों को छोड़ कर शनिवार की देर शाम तक भारत में संक्रमितों की संख्या दो लाख 43 हजार से ज्यादा हो गई थी। शनिवार की शाम 7,632 नए मामलों की खबर मिली, जिसके बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर दो लाख 43 हजार 733 हो गई। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में लगातार चौथे दिन आंकड़ा ढाई हजार या उससे ज्यादा रहा। शनिवार को 2,739 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 82,968 हो गई। महाराष्ट्र के बाद कोरोना वायरस के नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे तमिलनाडु में शनिवार को 1,478 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 30,172 हो गई। गुजरात में शनिवार को 498 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 19,617 हो गई। शनिवार को राजस्थान में 44 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 10,128 हो गई। बिहार में शनिवार को 147 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा 4,745 हो गया। हरियाणा में शनिवार को लगातार सातवें दिन संक्रमितों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। वहां 184 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 3,781 हो गई। कर्नाटक में शनिवार को 378 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 5,213 हो गई। आंध्र प्रदेश में 210 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 4,460 हो गई। पश्चिम बंगाल में 435 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 7,738 हो गई। इसके अलावा पंजाब में 54, केरल में 108, ओड़िशा में 173, असम में 154, उत्तराखंड में 30, झारखंड में 95 और छत्तीसगढ़ में 60 नए मामले सामने आए। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट पर आधारित है। भारत के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक कुल दो लाख 36 हजार 656 मामले थे। इनमें से 6,642 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक लाख 14 हजार 72 लोग इलाज से ठीक हुए हैं और एक  लाख 15 हजार 942 लोग अस्पताल में भरती है।
Published

और पढ़ें