समाचार मुख्य

70 लाख के पार संक्रमित

ByNI Desk,
Share
70 लाख के पार संक्रमित
नई दिल्ली। भारत में संक्रमितों की रोजाना की औसत संख्या कम हो रही है इसके बावजूद संक्रमितों की कुल संख्या 70 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। हालांकि पिछले 10 लाख केसेज के मुकाबले इस बार दस लाख नए केस आने में ज्यादा दिन लगे। शनिवार को देर रात तक भारत में 68 हजार से ज्यादा नए केसेज मिले, जिसके बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 70 लाख 44 हजार से ज्यादा हो गई। शनिवार को देर रात तक देश में आठ सौ के करीब लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा एक लाख आठ हजार से ऊपर पहुंच गई। देर रात तक असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। इनके आंकड़े आने के बाद संक्रमितों और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में शनिवार को 11,416 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 15 लाख 17 हजार 434 हो गई। राज्य में 308 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 40,040 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को 2,866 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख छह हजार 559 पहुंच गई। दक्षिण के राज्यों में अब सबसे तेजी से कर्नाटक में मामले बढ़ रहे हैं। राज्य में शनिवार को 10,517 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या सात लाख 786 हो गई। इसी तरह केरल में भी संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। केरल में शनिवार को रिकार्ड संख्या में 11,755 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या दो लाख 79 हजार 856 हो गई। आंध्र प्रदेश में शनिवार को 5,653 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या सात लाख 50 हजार 517 हो गई। उत्तर प्रदेश में 3,046 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या चार लाख 33 हजार 712 हो गई। देश के तीसरे सबसे संक्रमित तमिलनाडु में शनिवार को 5,242 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या छह लाख 51 हजार 370 हो गई है। गुजरात में शनिवार को 1,221 नए मामले आए और तेलंगाना में 1,811 नए संक्रमित मिले। बिहार में 1,140 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख 94 हजार 966 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 69 लाख 79 हजार 423 थी, जिसमें से एक लाख सात हजार 416 लोगों की मौत हो चुकी है। यूरोप में एक लाख से ज्यादा नए केस यूरोप के चार देशों में कोरोना वायरस का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। जर्मनी और फ्रांस के साथ साथ ब्रिटेन और रूस में नया संक्रमण बहुत बढ़ गया है। जब से कोरोना वायरस की दूसरी लहर शुरू हुई है तब से यूरोप में एक लाख नए केसेज आ चुके हैं। फ्रांस में शुक्रवार को 20 हजार नए केस आए, जबकि गुरुवार को 18 हजार से ज्यादा नए केस आए थे। नए मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ब्रिटेन में नए सिरे से पाबंदियों का ऐलान किया जाएगा। सोमवार को इसकी घोषणा हो सकती है। इस बीच दुनिया भर में भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में तीन लाख 15 हजार से ज्यादा नए मामले मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर तीन करोड़ 72 लाख 19 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो दुनिया भर में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में छह हजार से ज्यादा लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दस लाख 74 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया भर में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 55 हजार से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 79 लाख से ऊपर पहुंच गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 711 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा दो लाख 18 हजार 568 हो गया। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में औसतन से थोड़ी कम बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 28 हजार से कुछ ज्यादा नए केसेज मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 50 लाख 57 हजार से ज्यादा हो गई। पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 658 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 49 हजार 692 हो गई। दुनिया के चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में लगातार दूसरे दिन 12 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात 10 बजे तक रूस में 12,846 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 12 लाख 85 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 22,454 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें