समाचार मुख्य

Corona Update: एक्टिव केसेज 30 फीसदी घटे, 10 दिन में नौ लाख से ज्यादा कमी

ByNI Desk,
Share
Corona Update: एक्टिव केसेज 30 फीसदी घटे, 10 दिन में नौ लाख से ज्यादा कमी
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से कम हो रहा है। पिछले 10 दिन में देश में एक्टिव केसेज की संख्या 30 फीसदी से ज्यादा कम हो गई है। देश में 20 मई को 30 लाख 22 हजार एक्टिव केस थे, जो 29 मई को घट कर 21 लाख रह गए। यानी 10 दिन में नौ लाख से ज्यादा कमी आई। उससे पहले 10 दिन में एक्टिव केसेज की संख्या छह लाख कम हुई थी। इसका मतलब है कि पिछले 10 दिन में एक्टिव केसेज की संख्या में ज्यादा तेजी से कमी आई है। इन 10 दिनों में कोरोना संक्रमण की दर कम हुई है और इस वजह से नए केसेज की संख्या में कमी आई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले दो महीने पहली बार शनिवार को एक हजार से कम केसेज मिले। शनिवार को राजधानी में 956 नए केसेज मिले और संक्रमण की दर कम होकर 1.19 फीसदी हो गई। दूसरी लहर के पीक समय में दिल्ली में संक्रमण की दर 35 फीसदी तक पहुंच गई थी और एक दिन में 29 हजार से ज्यादा नए केसेज मिले थे। गौरतलब है कि दिल्ली सहित देश के ज्यादातर राज्यों में पिछले करीब डेढ़ महीने से अलग अलग किस्म का लॉकडाउन लागू था, जिसमें अब ढील देने की घोषणा की गई है। लॉकडाउन की वजह से संक्रमण दर कम करने में मदद मिली है। देश में संक्रमण की दर कम हो गई है लेकिन मरने वालों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। पिछले कई दिनों से लगातार संक्रमण से हो रही मौतों की संख्या साढ़े तीन हजार से ऊपर रह रही है। शुक्रवार को भी देश में 36 सौ से कुछ ज्यादा लोगों की मौत हुई। शनिवार को खबर लिखे जाने तक 3,161 लोगों के मरने की खबर मिली थी, जबकि कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। शनिवार को खबर लिखे जाने तक देश में एक लाख 51 हजार से कुछ ज्यादा केसेज आए थे। देर रात तक छत्तीसगढ़, हरियाणा, झारखंड, असम सहित कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। शनिवार को देश के सर्वाधिक संक्रमित महाराष्ट्र में 20,295 नए संक्रमित मिले और 832 लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश में शनिवार को 2,287 नए मामले आए और 157 लोगों की मौत हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में 956 संक्रमित मिले और 122 लोगों की मौत हुई। गुजरात में शनिवार को 2,230 नए मामले आए और 29 लोगों की मौत हुई। राजस्थान में 2,314 नए मामले आए और 70 लोगों की मौत हुई। पश्चिम बंगाल में 11,514 नए केसेज मिले और 148 लोगों की मौत हुई। उत्तराखंड में 1,687 नए मरीज मिले और 99 लोगों की मौत हुई। मध्य प्रदेश में 1,640 नए संक्रमित मिले और 68 लोगों की मौत हुई। हिमाचल प्रदेश में 1,262 मामले आए और 30 लोगों की मौत हुई। देश के दूसरे सबसे अधिक संक्रमित राज्य कर्नाटक में शनिवार को 20,628 नए केसेज मिले और 492 लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु में 30,016 मामले आए और 486 लोगों की मौत हुई। केरल में 23,513 नए मामले आए और 198 लोगों की मौत हुई। और आंध्र प्रदेश में 13,756 नए संक्रमित मिले और 104 लोगों की मौत हुई।
Published

और पढ़ें