समाचार मुख्य

अमेरिका में आठवें दिन भी प्रदर्शन

ByNI Desk,
Share
अमेरिका में आठवें दिन भी प्रदर्शन
वाशिंगटन। मिनियापोलिस में अफ्रीकी-अमेरिकी नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की हिरासत में मौत के खिलाफ अमेरिका में आठवें दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। लोगों ने न्यूयॉर्क, फिलाडेल्फिया, शिकागो और वाशिंगटन डीसी सहित अमेरिका के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किए। इनमें से कुछ जगहों पर हिंसक प्रदर्शन भी हुए। गौरतलब है कि ह्यूस्टन के रहने वाले फ्लॉयड की मिनियापोलिस में 25 मई को उस समय मौत हो गई थी, जब एक श्वेत पुलिस अधिकारी ने उसके गले को अपने घुटने से तब तक दबाए रखा, जब तक कि उसकी सांसें नहीं रुक गई। इस घटना के विरोध में देश भर में प्रदर्शन हो रहे हैं। कुछ जगहों पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए और बड़े पैमाने पर लूटपाट की गई, संपत्ति व स्मारकों को नुकसान पहुंचाया गया और गाड़ियों को आग लगा दी गई। अमेरिका में हाल के दिनों में इतने बड़े पैमाने पर असैन्य अशांति नहीं फैली है। रात में कई प्रदर्शनों के हिंसक हो जाने के कारण न्यूयॉर्क और वाशिंगटन डीसी समेत कई शहरों में कर्फ्यू लगाया गया। प्रदर्शनकारियों ने इन शहरों में कई स्थानों पर कर्फ्यू का कथित रूप से उल्लंघन किया। वाशिंगटन डीसी में सैन्य वाहनों को व्हाइट हाउस के निकट सड़कों पर देखा गया और लफायेते पार्क में बड़ी संख्या में सशस्त्र कर्मी देखे गए। फ्लॉयड की हिरासत में मौत के विरोध में इस पार्क में हजारों प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे। पुलिस की बर्बरता के खिलाफ हजारों लोगों ने न्यूयॉर्क की सड़कों पर मार्च निकाला। मैनहट्टन के एक लोकप्रिय डिपार्टमेंटल स्टोर समेत न्यूयॉर्क में कई स्थानों पर सोमवार रात लूटपाट की घटनाएं हुईं। न्यूयॉर्क के गवर्नर कुओमो ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा- मुझे लगता है कि न्यूयॉर्क पुलिस विभाग और मेयर ने कल रात अपना काम संजीदगी से नहीं किया। सेंट लुइस में चार पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को काबू करने के दौरान घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लास वेगास में भी प्रदर्शनकारियों की भीड़ को काबू करने की कोशिश में एक पुलिस अधिकारी को गोली लग गई। वह अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अमेरिका के कई जगहों से सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्ष की खबरें आई हैं।
Published

और पढ़ें