नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप राज्यपाल अनिल बैजल के बीच नीतिगत मसलों पर टकराव का सिलसिला जारी है। दिल्ली के दंगों की पैरवी के लिए वकीलों के नाम पर चल रही तनातनी के बीच अब अनलॉक तीन के दिशा-निर्देशों को लेकर भी टकराव हुआ है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अनलॉक के तीसरे चरण में कुछ खास छूट देने की घोषणा की थी, जिसे उप राज्यपाल ने खारिज कर दिया है।
केजरीवाल सरकार ने अनलॉक तीन में दिल्ली में होटल खोलने और प्रयोग के तौर पर एक हफ्ते के लिए साप्ताहिक बाजार खोलने की अनुमति दी थी लेकिन इन दोनों फैसलों को उप राज्यपाल ने खारिज कर दिया। अरविंद केजरीवाल सरकार ने गुरुवार को एक अगस्त से शुरू हो रहे अनलॉक तीन में रात के कर्फ्यू को खत्म करने का ऐलान किया था। इसके साथ-साथ दिल्ली सरकार ने होटलों को खोलने की भी इजाजत दी गई थी।
ध्यान रहे इससे पहले केंद्र सरकार की इजाज़त के बावजूद दिल्ली सरकार ने होटल खोलने की इजाज़त नहीं दी थी। अब जबकि दिल्ली सरकार ने होटल खोलने की इजाजत दी तो उप राज्यपाल ने उसे रोक दिया। बहरहाल, अनलॉक तीन कें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, स्कूल और कॉलेजों को फिलहाल बंद रखा जाएगा। साथ ही साथ सिनेमाघरों को भी खोलने की इजाजत नहीं दी गई है। दिल्ली मेट्रो भी बंद रहेगी। जिम और योग संस्थान पांच अगस्त से खुल जाएंगे।