समाचार मुख्य

कांग्रेस ने दस राज्यों में किया प्रदर्शन

ByNI Desk,
Share
कांग्रेस ने दस राज्यों में किया प्रदर्शन
नई दिल्ली। इंजीनियरिंग और मेडिकल में दाखिले के लिए सितंबर में होने वाली प्रवेश परीक्षा को टलवाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने दस राज्यों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांध ने शुक्रवार को एक बार फिर सरकार से परीक्षा टालने की अपील की। सोनिया ने कहा कि यह छात्रों के भविष्य का मामला है और उनसे सलाह लेकर ही कोई फैसला करना चाहिए। गौरतलब है कि कांग्रेस शासित राज्य लगातार परीक्षाओं का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे छात्रों का जीवन खतरे में पड़ेगा। इसे लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, तेलंगाना सहित दस राज्यों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इसके साथ ही सोशल मीडिया पर हैशटैग स्पीकफॉरस्टूडेंट्ससेफ्टी नाम से ऑनलाइन अभियान भी चलाया। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा- छात्र हमारा भविष्य हैं। बेहतर भारत का निर्माण भी इन्हीं छात्रों पर ही निर्भर है। इसलिए, अगर उनके भविष्य से जुड़ा कोई भी फैसला किया जाता है, तो उसे छात्रों की सहमति से ही किया जाना चाहिए। परीक्षा टलवाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली, हरियाणा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात, केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में प्रदर्शन किया। अहमदाबाद और दिल्ली में कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी भी दी। इससे पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छात्रों की सुरक्षा के लिए लोगों से कांग्रेस के प्रदर्शन में साथ आने की अपील की थी। राहुल ने ट्विट किया था- आइए सरकार से छात्रों की आवाज सुनने की मांग करें। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्विट किया- सरकार परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों और उनके चिंतित परिजनों की आवाज को नजरअंदाज नहीं कर सकती। वे हमारे देश का भविष्य हैं। महामारी के बढ़ते खतरे के बीच क्या उन्हें संक्रमण के खतरे के बीच भेजना सही है? आखिरकार कुछ चीजों को राजनीति से अलग रखना चाहिए।
Published

और पढ़ें