समाचार मुख्य

भाजपा ने घोषित किए 57 प्रत्याशी

ByNI Desk,
Share
भाजपा ने घोषित किए 57 प्रत्याशी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शुक्रवार को दिल्ली की 70 में से 57 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। पार्टी ने पिछली बार चुनाव लड़े और हारे अपने 27 उम्मीदवारों को फिर से टिकट दिया है। 2015 के विधानसभा चुनाव में जीते अपने तीनों विधायकों को भी पार्टी ने टिकट दिया है। कांग्रेस और एनसीपी सहित कई पार्टियों से होते हुए भाजपा में पहुंचे रामवीर सिंह विधूड़ी को भी पार्टी ने टिकट दिया है और आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे कपिल मिश्रा को भी भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि पार्टी ने उनकी सीट बदल दी है। अब वे मॉडल टाउन सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहां से आप के अखिलेश पति त्रिपाठी विधायक हैं। नई दिल्ली सीट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उम्मीदवार की घोषणा अभी नहीं की गई है। भाजपा की पहली सूची में चार महिलाओं को टिकट दिया गया है। इनमें विभा गुप्ता, लता सोढ़ी, शिखा राय और किरण वैद्य का नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने अपने सभी 70 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उन्होंने आठ महिलाओं को टिकट दी है। बहरहाल, भाजपा ने पिछली बार हारे 27 प्रत्याशियों को दोबारा टिकट दिया है।  पिछले विधानसभा चुनाव में रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता, मुस्तफाबाद से जगदीश प्रधान और विश्वास नगर से ओपी शर्मा जीते थे। पार्टी ने इन तीनों को टिकट दी है। उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए मनोज तिवारी ने बताया कि बचे हुए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा बहुत जल्दी की जाएगी। प्रत्याशियों के नाम गुरुवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की देर रात तक चली बैठक में तय किए गए। दिल्ली में 21 जनवरी तक नामांकन की आखिरी तारीफ है। आठ फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 11 फरवरी को नतीजों का ऐलान होगा। कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची नहीं जारी की है। शनिवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है, जिसमें नाम तय होंगे।
Published

और पढ़ें