समाचार मुख्य

नागरिकता कानून पर कांग्रेस का प्रदर्शन

ByNI Web Desk,
Share
नागरिकता कानून पर कांग्रेस का प्रदर्शन
नई दिल्ली। पिछले करीब दस दिन से देश भर में चल रहे नागरिकता कानून विरोधी प्रदर्शनों के बीच सोमवार को कांग्रेस ने भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस के तमाम आला नेताओं ने दिल्ली में महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर प्रदर्शन किया और संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, एनआरसी के विरोध में कांग्रेस ने राजघाट पर प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ शामिल हुए। इस प्रदर्शन में सोनिया, राहुल और मनमोहन ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। वहीं, प्रियंका ने लोगों से संविधान की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। धरने में सोनिया, राहुल और मनमोहन ने अंग्रेजी में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी, तो वहीं प्रियंका ने हिंदी में कहा-  हम सब संकल्प करें कि संविधान की रक्षा करेंगे, उसे नष्ट नहीं होने देंगे। इससे पहले राहुल गांधी ने ट्विट कर युवाओं से इस प्रदर्शन से जुड़ने की अपील की थी। उन्होंने कहा- भारत के छात्रों और युवाओं, अब सिर्फ यही काफी नहीं कि आप भारत को महसूस करें। इस तरह के नाजुक समय में यह बताना जरूरी है कि आप खुद भारत हैं और इसे नफरत से तबाह नहीं होने देंगे। भारत में मोदी-शाह की नफरत और हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन के लिए मेरे साथ राजघाट में जुड़िए। राहुल ने एक दिन पहले ही ट्विट कर मोदी और शाह पर छात्रों और युवाओं के भविष्य को तबाह करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सरकार अर्थव्यवस्था की तबाही पर आपका गुस्सा नहीं झेल सकती, इसलिए वो आपको अपनों से अलग करने की कोशिश कर रही है।
Published

और पढ़ें