समाचार मुख्य

तीन मौत, 350 संक्रमित

ByNI Desk,
Share
तीन मौत, 350 संक्रमित
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से भारत में मरने वालों की संख्या सात पहुंच गई है। शनिवार की रात से लेकर रविवार तक तीन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से पहली मौत 10 मार्च को कर्नाटक के कलबुर्गी में हुई थी। अगले  12 दिन में यह आंकड़ा सात पहुंच गया। भारत में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। रविवार तक इसके संक्रमितों की संख्या साढ़े तीन सौ पहुंच गई। बहरहाल, शनिवार-रविवार को पहली बार एक दिन में तीन मौतों का मामला सामने आया है। मुंबई में शनिवार की रात  को 63 साल के एक मरीज की मौत हो गई। शनिवार की रात को ही पटना में 38 साल के सैफ अली की मौत हुई। 60 साल के कम उम्र के व्यक्ति की मौत का यह पहला मामला है। मुंगेर का रहने वाला सैफ हाल ही में कतर से लौट कर आया था। उसे 20 मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था। इन दोनों मरीजों को डायबिटीज थी। सैफ अली की किडनी भी खराब थी। उधर गुजरात के सूरत में रविवार को 67 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वे अस्थमा के मरीज थे और दोनों किडनी फेल हो गई थीं। इन तीन मौतों के बाद देश में अब तक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या सात हो गई है। पटना के एम्स में, जहां सैफ अली की मौत हुई है वहां कोरोना के छह संदिग्ध भर्ती हैं। उनके सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। गौरतलब है कि भारत में सबसे पहले 10 मार्च को कर्नाटक के कलबुर्गी में 75 साल के संदिग्ध की मौत हुई थी। एक दिन बाद उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद 13 मार्च को दिल्ली में 68 साल की बुजुर्ग की मौत हुई, वे अपने बेटे से संक्रमित हुई थीं। फिर 17 मार्च को मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में 64 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। 18 मार्च को पंजाब के नवांशहर के पठलावा गांव में 70 साल के बुजुर्ग की मौत हुई। मुंबई और पंजाब के दोनों मरीज विदेश यात्रा से लौटे थे। इसके बाद शनिवार और रविवार को तीन और मरीजों की मौत हो गई। बहरहाल, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। वहां 24 घंटे में दस नए मामले सामने आए हैं। इनमें से छह मुंबई में और चार पुणे में हैं। अब तक वहां 74 मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है, जिनका राज्य के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। राज्य के कई शहरों में लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है और जरूरी सेवाओं को छोड़ कर बाकी सब कुछ बंद कर दिया गया है।
Published

और पढ़ें