समाचार मुख्य

वुहान से लौटे 323 भारतीय

ByNI Desk,
Share
वुहान से लौटे 323 भारतीय
नई दिल्ली। चीन में फैले कोरोना वायरस की वजह से वुहान में फंसे 323 और भारतीय भारत लौट आए हैं। इसे पहले 324 भारतीयों को शनिवार की रात विशेष विमान से वुहान से भारत लाया गया था। रविवार को एयर इंडिया का दूसरा विमान 330 लोगों को लेकर दिल्ली पहुंचा। इनमें 323 भारतीय और सात मालदीव के नागरिक हैं। इस बीच भारत ने चीन के नागरिकों और वहां से आने वाले विदेशियों के लिए ई-वीजा की सेवा निलंबित कर दी है। चीन में शनिवार तक कोरोना वायरस से 304 लोगों की मौत हो चुकी है। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने कहा कि उनके नागरिक भी कुछ दिनों के लिए दिल्ली के कैंप में निगरानी में रखे जाएंगे। रविवार को लौटे सभी नागरिकों के लेकर आईटीबीपी और भारतीय सेना के जवान उन्हें निगरानी केंद्र ले गए। दिल्ली के छावला स्थित आईटीबीपी सेंटर और मानेसर में शिविर तैयार किया गया है। उधर, केरल में रविवार को कोरोना वायरस का दूसरा मामला सामने आया है। केरल के अधिकारियों ने बताया- युवक कुछ दिनों पहले चीन से लौटा था। उसे अलग वार्ड में रखा गया है। इससे पहले 30 जनवरी को केरल में पहले मामले की पुष्टि हुई थी। केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा- पीड़ित युवक को अलापुझा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक हमें नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ वाइरोलॉजी से उसकी रिपोर्ट नहीं मिली है। ऐसी संभावनाएं हैं कि वह कोरोना वायरस से पीड़ित है, लेकिन हम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इसकी पुष्टि कर सकते हैं। गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन, डब्लुएचओ ने 31 जनवरी को कोरोना वायरस को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया। इससे पहले शनिवार को 324 भारतीय एयर इंडिया की पहली फ्लाइट से दिल्ली लाए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, चीन में शनिवार तक कोरोना वायरस के संक्रमण के अब तक 14,380 मामले सामने आ चुके हैं। चीन के 31 प्रांत इसकी चपेट में हैं। हुबेई में 24 घंटे में 45 लोगों की मौत हुई। शनिवार को 4,562 नए मामले सामने आए।
Published

और पढ़ें