नई दिल्ली। कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं के साथ अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की बैठक के 24 घंटे के अंदर कांग्रेस ने राज्यों में बदलाव शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि चार राज्यों में प्रदेश संगठन में बदलाव होगा। रविवार को दो राज्यों- तेलंगाना और गुजरात के प्रदेश अध्यक्षों ने इस्तीफा दे दिया है। मध्य प्रदेश के अध्यक्ष कमलनाथ पर भी दबाव है कि वे इस्तीफा दें। महाराष्ट्र में प्रदेश अध्यक्ष बाला साहेब थोराट राज्य सरकार में मंत्री हो गए हैं। इसलिए वहां भी प्रदेश अध्यक्ष पद पर नया नेता नियुक्त होना है।
तेलंगाना के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनावों में पार्टी की हार और खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उधर गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भी उप चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। चावड़ा को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कांग्रेस विधायक दल के नेता भी हैं। उन पर भी पद छोड़ने का दबाव बनाया गया है।
इससे पहले शनिवार को कांग्रेस ने मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी में भी बदलाव किया। करीब लंबे समय के बाद अशोक अर्जुन राव जगताप, जिनको ज्यादातर नेता भाई जगताप कहते हैं उनको कांग्रेस की मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पद पर बाला साहेब थोराट की जगह किसी नए नेता की नियुक्ति होनी है।