समाचार मुख्य

24 घंटे में सवा लाख मामले!

ByNI Desk,
Share
24 घंटे में सवा लाख मामले!
नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में एक दिन की गिरावट के बाद फिर तेज बढ़ोतरी हुई और 24 घंटे में करीब सवा लाख मामले आ गए। बुधवार से गुरुवार की सुबह तक 24 घंटे में दुनिया भर में एक लाख 23 हजार के करीब नए संक्रमित मिले, जिससे दुनिया में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 66 लाख 15 हजार पहुंच गई। इससे पहले मंगलवार से बुधवार के बीच 24 घंटे में 90 हजार के करीब नए मामले आए थे। कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या पिछले दो हफ्तों से तीन से पांच हजार की औसत के बीच ही रही है। बुधवार से गुरुवार की सुबह के बीच 24 घंटे में पांच हजार के करीब लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या तीन लाख 88 हजार से कुछ ज्यादा हो गई। कुल 66 लाख 15 हजार संक्रमितों में से 31 लाख 95 हजार लोग इलाज से ठीक हुए हैं। दुनिया में कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित अमेरका में बुधवार को 20 हजार से ज्यादा मरीज मिले हैं, जबकि 1,083 लोगों की जान गई है। गौरतलब है कि अमेरिका में अफ्रीकी-अमेरिकी नागरिक जॉर्ज फ्लायड की मौत के विरोध में प्रर्दशन चल रहे हैं। इसकी वजह से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। देश में अब तक 19 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और एक लाख नौ हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित देश ब्राजील में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। वहां 24 घंटे में 1,349 लोगों ने दम तोड़ा है। यह दक्षिण अमेरिका का सबसे प्रभावित देश है। वहां गुरुवार की सुबह तक मरने वालों का कुल आंकड़ा 32 हजार 602 हो गया था, जबकि पांच लाख 87 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। तीसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में 24 घंटे में 88 सौ ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जबकि 169 लोगों की मौत हुई है। देश में संक्रमण के मामले अब चार लाख 41 हजार से ज्यादा ज्यादा हो गए हैं। वहां अब तक 5,384 लोगों की जान जा चुकी है।
Published

और पढ़ें