समाचार मुख्य

एक दिन में एक हजार मौतें!

ByNI Desk,
Share
एक दिन में एक हजार मौतें!
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या हर दिन नए रिकार्ड बना रही है और साथ ही संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी रिकार्ड बना रही है। रविवार को देर शाम तक देश में 1003 लोगों के मरने की खबर आई। यह एक दिन में कोरोना से हुई मौत का रिकार्ड है। देर शाम तक असम, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के आंकड़े नहीं आए थे। उन राज्यों के आंकड़े आने के बाद संक्रमण से मरने वालों की संख्या एक हजार से ऊपर हो जाएगी। देश भर में मरने वालों की संख्या 44,447 हो गई है। जहां तक संक्रमितों की संख्या का सवाल है तो शनिवार को 21 लाख का आंकड़ा पार करने के एक दिन बाद ही संक्रमितों की संख्या 22 लाख से ज्यादा हो गई। रविवार को देर शाम तक 60 हजार से कुछ ज्यादा नए संक्रमित मिले, जिसके बाद कुल आंकड़ा 22 लाख 11 हजार से ज्यादा हो गई। भारत में एक्टिव केसेज की संख्या छह लाख 36 हजार से ज्यादा हो गई है, जबकि 15 लाख 30 हजार से ज्यादा लोग इलाज से ठीक हुए हैं। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में रविवार को लगातार दूसरे दिन 12 हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य में 12,248 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या पांच लाख 15 हजार 332 हो गई। राज्य में रिकार्ड संख्या में 390 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 17,757 पहुंच गई। आंध्र प्रदेश में रविवार को 10,820 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 27 हजार 860 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को संक्रमितों की संख्या में थोड़ी कमी आई। राज्य में 13 सौ नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 45 हजार 427 हो गई। बिहार में रविवार को दूसरे दिन संक्रमितों की संख्या चार हजार के करीब रही। राज्य में 3,934 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 79,720 पहुंच गई। देश में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में रविवार को 5,994 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 96 हजार 901 हो गई है। तेलंगाना में 1,982 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 79,495 हो गई। राजस्थान में 596 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 51,924 हो गई। उत्तर प्रदेश में लगातार पांचवे दिन चार हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य में 4,571 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 22 हजार 609 हो गई। ओड़िशा में 1,734 नए मामले आए और केरल में 1,211 नए संक्रमित मिले। मध्य प्रदेश में 868 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 39,025 हो गई। कर्नाटक में रविवार को 5,985 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या एक लाख 78 हजार 87 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक रविवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 21 लाख 53 हजार दस थी, जिसमें से 43,379 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें