
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या डेढ़ करोड़ का आंकड़ा पार कर गई। रविवार को खबर लिखे जाने तक पूरे देश में दो लाख 58 हजार 95 नए केसेज आए थे, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 50 लाख, 40 हजार से ज्यादा हो गई। खबर लिखे जाने तक छत्तीसगढ़ और झारखंड सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। छत्तीसगढ़ में हर दिन 13-14 हजार और झारखंड में चार हजार के करीब मामले आ रहे हैं। इस लिहाज से देर रात तक संक्रमितों की संख्या दो लाख 80 हजार तक पहुंच सकती है। खबर लिखे जाने तक देश में एक्टिव केसेज की संख्या 19 लाख 23 हजार 534 हो गई थी और 1,394 लोगों की मौत हुई थी, जो अपने आप में एक रिकार्ड है। देश में मरने वालों की कुल संख्या एक लाख 78 हजार 567 हो गई है।
कोरोना वायरस से सर्वाधिक संक्रमित राज्य महाराष्ट्र में रविवार को रिकार्ड संख्या में 68,631 नए केसेज आए। राज्य में 24 घंटे में 503 लोगों की मौत हुई, जो कि अपने आप में एक रिकार्ड है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को 25 हजार नए मरीज मिले और रिकार्ड संख्या में 161 लोगों की मौत हुई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में संक्रमण की दर 30 फीसदी हो गई है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में रविवार को संक्रमितों की संख्या 30 हजार से ऊपर पहुंच गई। राज्य में 30,566 नए मरीज मिले, जबकि सिर्फ 9,041 मरीज इलाज से ठीक हुए। राज्य में 24 घंटे में 127 लोगों की मौत हुई। पंजाब में रविवार को 49 सौ नए केसेज मिले और 3,141 लोग इलाज से ठीक हुए। राज्य में 68 लोगों की मौत हुई।
बिहार में रविवार को संक्रमितों की संख्या आठ हजार से ऊपर पहुंच गई। राज्य में 8,690 नए मरीज मिले और 27 लोगों की मौत हुई। गुजरात में रविवार को संक्रमितों की संख्या 10 हजार से ऊपर पहुंच गई। राज्य में 10,340 केसेज आए और रिकार्ड संख्या में 110 लोगों की मौत हुई। चुनाव वाले राज्य पश्चिम बंगाल में 24 घंटे में मिले संक्रमितों की संख्या आठ हजार से ज्यादा रही। राज्य में रविवार को 8,419 नए मरीज मिले।
राजस्थान में संक्रमितों की संख्या रविवार को 10 हजार से ऊपर पहुंच गई। राज्य में 10,514 नए मरीज मिले और 48 मरीजों की मौत हुई। मध्य प्रदेश में लगातार तीसरे दिन संक्रमितों की संख्या 11 हजार से ऊपर रही। राज्य में 12,248 नए संक्रमित मिले। केरल में संक्रमितों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी हुई। रविवार को राज्य में 18,257 नए मरीज मिले और 25 मरीजों की संक्रमण से मौत हुई। कर्नाटक में रविवार को 19,067 नए मरीज मिले और 81 लोगों की संक्रमण से मौत हुई। दक्षिण के दूसरे राज्यों तमिलनाडु में 10,723 और आंध्र प्रदेश में 6,562 नए केसेज मिले।