समाचार मुख्य

कोरोना से 30 हजार से ज्यादा मौतें!

ByNI Desk,
Share
कोरोना से 30 हजार से ज्यादा मौतें!
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 30 हजार का आंकड़ा पार कर गई। गुरुवार को देर शाम तक पूरे देश में 702 लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 30,592 पहुंच गया। देश में संक्रमितों की संख्या 12 लाख 83 हजार से ज्यादा हो चुकी है। भारत में कोरोना वायरस का पहला मामला 30 जनवरी को आया था और संक्रमण से पहली मौत 11 मार्च को हुई थी। 11 मार्च के बाद 135 दिन में मरने वालों की संख्या 30 हजार 258 पहुंच गई। संक्रमितों की संख्या के लिहाज से भारत तीसरे स्थान पर है और मरने वालों की संख्या के लिहाज से अब दुनिया में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि भारत में मरने की दर अब भी बहुत कम है। फिर भी हर 10 लाख की आबादी में संक्रमण के चलते 22 लोगों की जान जा रही है। भारत में सबसे ज्यादा 12,854 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। संक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से कई राज्यों में फिर से लॉकडाउन लागू किया गया है। उधर झारखंड सरकार मास्क नहीं पहनने और सार्वजनिक जगह पर थूकने पर एक लाख रुपए जुर्माना और दो साल की कैद का प्रावधान किया है। बहरहाल, गुरुवार की देर शाम तक देश भर में 43,365 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 12,83,049 पहुंच गई। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में गुरुवार को 9,896 नए संक्रमित सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 47 हजार 502 हो गई। गुरुवार को महाराष्ट्र में 298 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 12,854 पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को संक्रमितों की संख्या कम होने का सिलसिला जारी रहा। राज्य में 1,041 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख 27 हजार 364 हो गई। आंध्र प्रदेश में गुरुवार को संक्रमितों की संख्या आठ हजार के करीब पहुंच गई। राज्य में 7,998 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 72,711 हो गई। देश के दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में गुरुवार को पहली बार मामला छह हजार से ऊपर पहुंचा। राज्य में 6,472 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 92 हजार 502 पहुंच गई। कर्नाटक में रिकार्ड संख्या में 5,030 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 80,863 हो गई। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को 2,436 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 51,757 पहुंच गई। बिहार में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन डेढ़ हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले और वहां संक्रमितों की संख्या 31,691 पहुंच गई। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को ढाई हजार से ज्यादा मामले आए। ओड़िशा और केरल में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन संक्रमितों की संख्या एक हजार के आंकड़े से ऊपर रही। ओड़िशा में 1,264 और केरल में 1,078 नए संक्रमित मिले। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक गुरुवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 12 लाख 38 हजार 634 थी, जिसमें से 29,861 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें